Homeछत्तीसगढ़तिल्दा में पुलिस का सख्त एक्शन, दूसरे दिन 5 और बदमाश जेल...

तिल्दा में पुलिस का सख्त एक्शन, दूसरे दिन 5 और बदमाश जेल रवाना

दो दिनों में 11 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, पुलिस की सख्ती से असामाजिक तत्वों में हड़कंप

तिल्दा-नेवरा। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगाड़ने और कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ तिल्दा-नेवरा पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है। अभियान के दूसरे दिन भी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर पेट्रोलिंग के दौरान विवाद और मारपीट पर उतारू पांच लोगों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया। खास बात यह है कि महज दो दिनों के भीतर पुलिस ने कुल 11 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल पहुंचाया है।

दरअसल, क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण  श्वेता सिन्हा के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी वीरेंद्र चतुर्वेदी के निर्देशन में थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर थाना क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है।

गुरुवार को पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को ऐसे पांच व्यक्ति मिले, जो अनावश्यक वाद-विवाद कर लड़ाई-झगड़े और मारपीट पर उतारू थे। इनके कारण क्षेत्र में शांति भंग होने तथा संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।

इन पांच लोगों पर हुई कार्रवाई

पुलिस ने प्रशांत बर्मन (26 वर्ष), थानेश दास मानिकपुरी उर्फ पप्पू (27 वर्ष), निखलेश भोई उर्फ टीनू (28 वर्ष), कमलेश बंजारे (22 वर्ष) और राजकुमार लहरी (20 वर्ष) को पुलिस अभिरक्षा में लिया।

सभी के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) न्यायालय तिल्दा-नेवरा के समक्ष पेश किया गया। जहां एसडीएम के आदेश पर जेल वारंट जारी होने के बाद पांचों को जेल भेज दिया गया।

टीआई की दो टूक- सुधर जाएं, वरना जेल जाने को रहें तैयार

लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई को लेकर थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि क्षेत्र में अशांति फैलाने, लड़ाई-झगड़ा करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने दो टूक कहा कि असामाजिक तत्व अपनी हरकतों में सुधार लाएं, अन्यथा जेल जाने के लिए तैयार रहें।

पुलिस की इस लगातार कार्रवाई से जहां असामाजिक गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है, वहीं पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है। आने वाले दिनों में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments