रायगढ़ इस्पात-बर्बरीक ग्रुप की फर्मों में जांच, रायपुर,में भी दबिश
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में आयकर विभाग (IT) की कार्रवाई से कारोबारी जगत में हलचल मच गई है। शहर के बड़े लोहा कारोबारी जयप्रकाश मित्तल के ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने दबिश दी है। जानकारी के अनुसार, अधिकारियों की टीम विद्या नगर स्थित उनके निवास पर पहुंची, जहां दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
आयकर विभाग ने बुधवार सुबह कई जगहों पर एक साथ दबिश दी। रायपुर, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में कार्रवाई की सूचना है। रायपुर में खम्हारडीह स्थित बनियान ट्री सोसाइटी और चंद्रखुरी के पास बहनाकाड़ी गांव की एक फैक्ट्री में भी टीम पहुंची है।
वहीं, रायगढ़ में आयकर विभाग ने रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप से जुड़ी फर्मों के ठिकानों पर छापेमार जांच शुरू की। सुबह करीब 5 बजे विभाग की अलग-अलग टीमें पहुंचीं। दोनों ग्रुप आपस में जुड़े हैं और एक साथ कारोबार करते हैं।टीमें फर्मों के दस्तावेज, कारोबारी गतिविधियों और वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड खंगाल रही हैं। फिलहाल कार्रवाई को लेकर विभाग की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है
बताया जा रहा है कि अधिकारी तीन वाहनों में सवार होकर मौके पर पहुंचे हैं। टीम कारोबारी के निवास पर मौजूद दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात की पड़ताल कर रही है। इस दौरान संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।जानकारी के अनुसार, रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप आपस में जुड़े हुए हैं। दोनों ग्रुप एक साथ कारोबार करते हैं। इसी कड़ी में आयकर विभाग ने इनसे जुड़ी फर्मों के ठिकानों पर एक साथ जांच शुरू की है।
कार्रवाई की वजह पर सस्पेंस
फिलहाल आयकर विभाग की इस कार्रवाई के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। जांच में किन वित्तीय लेन-देन या दस्तावेजों को लेकर विभाग की दिलचस्पी है, इसका खुलासा भी नहीं हुआ है। कार्रवाई के दौरान क्या कुछ सामने आता है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
गौरतलब है कि आयकर विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं है। इसलिए किसी तरह की कर चोरी या वित्तीय अनियमितता को अभी पुष्ट तथ्य नहीं माना जा सकता।
अब निगाहें इस बात पर हैं कि आयकर विभाग की जांच में क्या सामने आता है और क्या यह कार्रवाई केवल निवास तक सीमित है या कारोबारी के अन्य प्रतिष्ठान भी जांच के दायरे में आएंगे।

