कांकेर। कांग्रेस के कार्यक्रम में उस समय असहज स्थिति पैदा हो गई, जब कांग्रेस प्रभारी के कार्यक्रम के दौरान कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पर्स गायब होने की बात सामने आई। कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे कार्यकर्ताओं को जब अपनी जेबें खाली मिलीं तो हड़कंप मच गया। इस घटना को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है।
भाजपा ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए कांग्रेस पर तंज कसा। भाजपा की ओर से कटाक्ष किया गया कि सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने पूरे प्रदेश को लूटा और अब अपने ही कार्यकर्ताओं की जेब काट रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, 7 अक्टूबर को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत के कांकेर दौरे के दौरान स्वागत कार्यक्रम में मंडल, सेक्टर और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं सहित करीब 12 से 15 लोगों के पर्स चोरी होने की शिकायत सामने आई थी। चोरी गए पर्स में 40 हजार रुपये से अधिक नकदी के अलावा एटीएम कार्ड और जरूरी दस्तावेज भी बताए गए थे। पीड़ितों ने कांकेर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्धों की पहचान करने में जुटी थी।
इस घटना ने राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा छेड़ दी है। एक ओर कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी जेब कटने से परेशान रहे, तो दूसरी ओर भाजपा ने इसे लेकर कांग्रेस पर राजनीतिक कटाक्ष करने का मौका नहीं छोड़ा।
अब सवाल यह है कि राजनीतिक कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी किसकी है? और क्या भीड़भाड़ वाले आयोजनों में कार्यकर्ताओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाने चाहिए?

