Homeछत्तीसगढ़छठ महापर्व : आज खरना, गुड़ की खीर का प्रसाद ग्रहण कर...

छठ महापर्व : आज खरना, गुड़ की खीर का प्रसाद ग्रहण कर व्रती शुरू करेंगे 36 घंटे का निर्जला व्रत

खरना का मतलब शुद्धिकरण से जुड़ा है. इस दिन घर की साफ-सफाई से लेकर प्रसाद बनाने और पूजा करने तक हर काम में विशेष शुद्धता और पवित्रता का ध्यान रखा जाता है. इस दिन लोग शाम के समय गुड़ की खीर खाते हैं और फिर 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है.

तिल्दा-नेवरा। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ का आज दूसरा दिन है। चार दिवसीय छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना की परंपरा निभाई जाएगी। इस अवसर पर व्रती पूरे दिन उपवास रखकर शाम को विधि-विधान से छठी मैया और सूर्यदेव की पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद गुड़ की खीर का प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का संकल्प लेंगे।

खरना के साथ ही छठ महापर्व की सबसे कठिन साधना शुरू हो जाती है। यह निर्जला व्रत उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद ही संपन्न होगा। खरना का धार्मिक महत्व आत्मशुद्धि, पवित्रता और संयम से जुड़ा हुआ है। इस दिन घरों में विशेष साफ-सफाई की जाती है और प्रसाद तैयार करने से लेकर पूजा-अर्चना तक हर कार्य में शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है।

खरना के दिन व्रती सुबह स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करते हैं और दिनभर उपवास रखते हैं। शाम को सूर्यास्त के समय पूजा की तैयारी की जाती है। परंपरा के अनुसार प्रसाद बनाने के लिए मिट्टी के चूल्हे और आम की लकड़ी का इस्तेमाल किया जाता है। कई स्थानों पर गन्ने के रस से भी खीर तैयार की जाती है। पूजा के दौरान छठी मैया और सूर्यदेव की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाती है।

खरना में बनती है गुड़ की विशेष खीर

खरना के प्रसाद में गुड़ की खीर का विशेष महत्व है। इसे कई स्थानों पर रसियाव भी कहा जाता है। चावल, दूध और गुड़ से तैयार इस खीर में तुलसी दल भी अर्पित किया जाता है। सबसे पहले प्रसाद छठी मैया को भोग लगाया जाता है। इसके बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं और फिर परिवार के सदस्यों तथा श्रद्धालुओं में वितरित किया जाता है।

खरना के दिन इन नियमों का रखें ध्यान

  • प्रसाद की शुद्धता: प्रसाद तैयार करते समय स्वच्छता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है।

  • भोग की परंपरा: सबसे पहले छठी मैया को प्रसाद अर्पित किया जाता है, फिर व्रती इसे ग्रहण करते हैं।

  • सात्विक भोजन: छठ के चारों दिनों में प्याज, लहसुन और तामसिक भोजन से परहेज किया जाता है।

  • साफ-सफाई: पूजा स्थल और रसोई को स्वच्छ रखा जाता है। प्रसाद और पूजा सामग्री छूने से पहले हाथ अच्छी तरह धोए जाते हैं।

छठ महापर्व केवल पूजा-पाठ का पर्व नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन, स्वच्छता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक भी है। खरना के साथ ही श्रद्धालुओं की निगाहें अब अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा पर टिकी रहेंगी।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments