Homeछत्तीसगढ़असम में बड़ा रेल हादसा: कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस का इंजन और 5 डिब्बे...

असम में बड़ा रेल हादसा: कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस का इंजन और 5 डिब्बे पटरी से उतरे, कई यात्री घायल

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, रेलवे की टीम मौके पर पहुंची, हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटे अधिकारी

गुवाहाटी .असम से बुधवार सुबह एक बड़े रेल हादसे की खबर सामने आई है। कामरूप जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन पर कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस (13125) दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सुबह करीब 6:54 बजे ट्रेन का इंजन और पांच यात्री डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। ट्रेन में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है।

शुरुआती जानकारी में रेलवे की ओर से किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं की गई थी, लेकिन बाद में कई यात्रियों के घायल होने की खबर सामने आई। फिलहाल घायलों की वास्तविक संख्या और उनकी स्थिति को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

हादसे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। रेलवे अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल पर राहत एवं बहाली का काम शुरू कर दिया है।

असम में पहले भी हो चुके हैं रेल हादसे

असम के रेल नेटवर्क पर इससे पहले भी दुर्घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

29 अक्टूबर को इंजन की ट्रॉली पटरी से उतरी थी: लुमडिंग-बदरपुर पहाड़ी रेलखंड में सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेस के इंजन की अगली ट्रॉली बदरपुर और सुकरितिपुर स्टेशनों के बीच पटरी से उतर गई थी। हालांकि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने या मौत की खबर नहीं थी।

हाथियों के झुंड की ट्रेन से हुई थी टक्कर: असम के होजाई जिले में सैरंग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में हाथियों का झुंड आ गया था। इस दर्दनाक हादसे में सात हाथियों की मौत हो गई थी, जबकि एक हाथी का बच्चा घायल हुआ था। टक्कर के बाद ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे भी पटरी से उतर गए थे।

फिलहाल डिगारू रेल हादसे में राहत-बचाव अभियान जारी है। घायलों की संख्या और दुर्घटना के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments