महंगाई राहत समय पर नहीं मिलने से पेंशनधारियों में नाराजगी, 15 नवंबर को प्रदेशभर के संगठन सौंपेंगे ज्ञापन
तिल्दा-नेवरा। छत्तीसगढ़ में पेंशनरों को निर्धारित तिथि से महंगाई राहत का लाभ नहीं मिलने से नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसे लेकर पेंशनधारियों ने सरकार के प्रति असंतोष जाहिर करते हुए इसे कर्मचारियों और पेंशनरों के साथ छलावा बताया है। इसी मुद्दे को लेकर छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ तहसील शाखा तिल्दा की नियमित मासिक बैठक कर्मचारी भवन तिल्दा में आयोजित हुई। बैठक में पेंशनरों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में तहसील शाखा अध्यक्ष रामावतार पाण्डेय ने कहा कि पेंशनरों को निर्धारित तिथि से महंगाई राहत का लाभ नहीं दिया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे पेंशनधारियों में असंतोष है। उन्होंने बताया कि आगामी 15 नवंबर को प्रदेश के समस्त पेंशनर संगठन एकजुट होकर शासन के निर्णय के विरोध में सरकार को ज्ञापन सौंपेंगे और अपनी मांगों से अवगत कराएंगे।
संघ के महासचिव एवं प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य अभिमन्यु वर्मा ने सभी पेंशनधारियों से अपील की कि नवंबर माह में अनिवार्य रूप से अपना जीवन प्रमाण पत्र संबंधित पेंशन भुगतान करने वाले बैंक में जमा कराएं, ताकि पेंशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक के दौरान राजस्व विभाग से सेवानिवृत्त रामखिलावन शर्मा एवं शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हरिशंकर स्वर्णकार ने संघ की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर संघ के सदस्यों ने गुलाल लगाकर एवं श्रीफल भेंटकर उनका स्वागत और सम्मान किया।
वहीं अक्टूबर माह में जन्मदिन मनाने वाले सदस्य मालिक राम साहू एवं ईश्वर प्रसाद वर्मा का मुंह मीठा कराकर, गुलाल लगाकर और श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। सदस्यों ने उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही जिन सदस्यों ने वर्ष 2026 की वार्षिक सदस्यता शुल्क जमा नहीं की है, उनसे शीघ्र शुल्क जमा करने का आग्रह किया गया।
बैठक में पुस्तकालय समिति के अध्यक्ष भागीरथी पांसे, सचिव सेवादास वैष्णव, संरक्षक जवाहरलाल सिरमौर, घनश्याम प्रसाद वर्मा, दानीराम वर्मा, घनश्याम लाल वर्मा, बलीराम यादव, फेकूराम वर्मा, रघुनंदन लाल शांडिल्य, अश्विनी पटेल, टीकाराम वर्मा, सुरेश कुमार शर्मा, प्रताप सिंह ध्रुव, माधव प्रसाद पाण्डेय, रामशरण वर्मा, नरेंद्र कुमार वर्मा, रूपनारायण वर्मा, गुलाब सिंह वर्मा, लेखराम ध्रुव, लेखराम कुंभकार, अनुरुद्ध वर्मा, हिंछाराम निर्मलकर, मो. सलीम खान, चिंताराम वर्मा, फत्तेलाल सिन्हा, ढीलचंद भतपहरी, मेघनाथ निर्मलकर, रामेश्वर प्रसाद वर्मा, मालिकराम वर्मा, हरख राम वर्मा सहित बड़ी संख्या में पेंशनधारी उपस्थित थे।
बैठक के अंत में अक्टूबर माह में दिवंगत हुए संघ के साथी स्वर्गीय विजय कुमार वर्मा एवं स्वर्गीय भागीरथी वर्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।

