गोंडवाना एक्सप्रेस से एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता हुए रवाना, नेताओं ने कहा- महारैली के बाद भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू होगी
तिल्दा-नेवरा।-लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के संकल्प के साथ दिल्ली में आयोजित होने वाली कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में शामिल होने के लिए तिल्दा-नेवरा शहर से भी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का जत्था दिल्ली रवाना हो गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में महारैली को लेकर खासा उत्साह देखा गया। कांग्रेस कमेटी रायपुर जिला के कोषाध्यक्ष मोतीलाल हिंदुजा के साथ युवा कांग्रेसी नेता ओम ठाकुर,महामंत्री गजानंद वर्मा, महामंत्री जितेंद्र सेन,महामंत्री गुलाब यदु सहित एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता गोंडवाना एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए रवाना हुए।
दिल्ली रवाना होने से पहले कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह महारैली देश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण संदेश देने वाली साबित होगी। रायपुर जिलाग्रामीण कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष मोतीलाल हिंदुजा ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली ऐतिहासिक होगी। इस महारैली के बाद भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि आज देश के नागरिकों को लोकतांत्रिक अधिकारों, महंगाई, बेरोजगारी और अन्य समस्याओं को लेकर गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश की मौजूदा परिस्थितियां आपातकाल से भी अधिक चिंताजनक होती जा रही हैं। अब देश की जनता का मन बदल रहा है और लोग अपने अधिकारों तथा लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करने को तैयार हैं।
वहीं, कांग्रेस नेता ओम ठाकुर ने कहा कि वे देश और लोकतंत्र को बचाने के उद्देश्य से दिल्ली रवाना हुए हैं। यह केवल कांग्रेस का राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और आम नागरिक के मताधिकार की रक्षा का अभियान है। उन्होंने विश्वास जताया कि दिल्ली में आयोजित इस महारैली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ देशभर से बड़ी संख्या में आम नागरिक भी पहुंचेंगे और राहुल गांधी के हाथ मजबूत करेंगे।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट ही सबसे बड़ी ताकत है। यदि इसी ताकत पर सवाल खड़े होने लगें तो देश के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बनती है कि वह आगे आकर अपनी आवाज बुलंद करे। कांग्रेस कार्यकर्ता इसी संकल्प के साथ दिल्ली पहुंच रहे हैं।तिल्दा-नेवरा से दिल्ली के लिए रवाना हुए कांग्रेसियों ने साफ संदेश दिया है कि लोकतंत्र और मताधिकार की लड़ाई को वे सड़क से लेकर देश की राजधानी तक बुलंद करेंगे।

