छत्तीसगढ़ में 30 घंटो में अलग-अलग सड़क हादसों में 9 लोगों की मौत हो गई। बुधवार सुबह रायगढ़ में बाइक खड़े ट्रक से टकरा गई, हादसे में 2 लड़कों की मौत हो गई। वहीं बाइक की टक्कर से एक बुजुर्ग की जान चली गई। सरगुजा में दशहरा की रात दो अलग-अलग हादसों में 3 लोगों की मौत हुई। इनमें मेला देखकर लौट रहे 2 नाबालिग भी शामिल हैं।
कांकेर में सड़क पार कर रहे 2 युवकों को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने NH-30 पर चक्काजाम किया और जेसीबी से हाईवे खोदने का प्रयास किया। वहीं, जशपुर में बस की टक्कर से बाइक सवार ग्रामीण की मौत हो गई। दोनों जगहों पर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया।

रायगढ़ के छाल थाना क्षेत्र में अस्पतालपारा के पास बुधवार सुबह तेज रफ्तार बाइक खड़ी ट्रक से जा टकराई गई। दरअसल, बेहरामार के रहने वाला कृष्णा राठिया (15), बांसाझर का रहने वाला जितेंद्र राठिया (22), धर्मेंद्र राठिया और कुंदन राठिया एक ही बाइक पर सवार होकर मेला देखने छाल जा रहे थे। तभी यह हादसा हुआ।
हादसे में चारों सड़क पर गिर पड़े। कृष्णा और जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। धर्मेंद्र और कुंदन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को रायपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। फिलहाल, पुलिस मामले में मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
मेला देखने जा रहे बुजुर्ग को बाइक ने रौंदा
चंद्रदेव सिंह ठाकुर (65) मंगलवार रात करीब 7:30 बजे अपने परिवार के साथ पैदल मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान छाल चौक के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बाइक चालक जोबी क्षेत्र का रहने वाला है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की जांच में जुट गई है।
सरगुजा के सीतापुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-43 पर बाइक सवार दो नाबालिग को ट्रेलर ने टक्कर मार दी। जानकारी के मुताबिक, ग्राम सोनतराई में रहने वाला पवन मांझी (16) और सूर्यकांत पैकरा (15) बतौली के शांतिपारा से दशहरा कार्यक्रम देखकर सुबह लौट रहे थे।
करीब 6 बजे कारबेल बिजली टावर के सामने सरिया लोड ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। सिर में गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर का ड्राइवर भाग निकला। इसके बाद लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों नाबालिगों के शव का पंचनामा किया और पीएम के लिए भिजवाया। फिलहाल, पुलिस ने नाबालिगों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है। वहीं, दोनों परिवार सदमें में हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
बेकाबू होकर गिरे बाइक सवार की मौत
सरगुजा के ग्राम रिखी निवासी राजाराम (22) और परसादी दास (29) दशहरा देखने पलका जा रहे थे। दोनों खोंधला मोड़ बाजार के पास पहुंचे थे। इस दौरान उनकी बाइक का हैंडल दूसरी बाइक से टकरा गया। इससे बाइक बेकाबू हो गई और दोनों सवार सड़क पर गिरकर घिसटते हुए किनारे मौजूद पेड़ के ठूंठ से जा टकराए।
हादसे में राजाराम के सिर में चोट आई, जबकि परसादी दास के सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल राजाराम को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेजा गया है। उदयपुर थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है।
कांकेर के कोतवाली थाना क्षेत्र में नांदनमारा बाईपास क्रॉसिंग के पास तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे दो युवकों को टक्कर मार दी। दरअसल, मंगलवार रात करीब 1 बजे नांदनमारा बाईपास क्रॉसिंग के पास ग्राम नांदनमारा के छोटेपारा निवासी ऋषि कोर्राम (21) और नवीन कुमार यादव (18) सड़क पार कर रहे थे।
इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया।
ग्रामीणों ने यहां ओवरब्रिज बनाने, CCTV कैमरे लगाने और रात में पर्याप्त रोशनी के लिए हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने JCB से हाईवे खोदने का प्रयास किया।
जशपुर के नारायणपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक सवार ग्रामीण को टक्कर मार दी। जानकारी के मुताबिक, ग्राम ढोण्डराही के रहना वाला सुखसागर राम (36) ड्राइवर है। बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे वह बाइक से किसी काम के सिलसिले में रनपुर आ रहा था।
इसी दौरान अंबिकापुर से कुनकुरी जा रही तेज रफ्तार शमीम यात्री बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि सुखसागर की मौके पर ही मौत हो गई।

