भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी की शिकायत पर बढ़ा विवाद, भाजपा विधायकों ने कृषि मंत्री नेताम से की थी शिकायत
दुर्ग। दाऊ श्री वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय, अंजोरा में विभिन्न पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया को लेकर विवाद के बीच अब भर्ती पर रोक लगा दी गई है। भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की शिकायत के बाद मामला कृषि मंत्री रामविचार नेताम तक पहुंचा था। इसके बाद उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए गए थे और जांच पूरी होने तक आगामी भर्ती प्रक्रिया स्थगित रखने के निर्देश दिए गए थे।
मामले में भाजपा विधायकों की ओर से भी शिकायत किए जाने की जानकारी सामने आई है। दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने 19 अगस्त 2026 को राज्यपाल को पत्र भेजकर भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर हस्तक्षेप की मांग की थी। विधायक ने भर्ती प्रक्रिया को किसी प्रदेश स्तरीय निष्पक्ष एजेंसी अथवा छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के माध्यम से कराने का सुझाव भी दिया था।
आरक्षण रोस्टर से लेकर पदों की संख्या तक उठे सवाल
शिकायतों में आरक्षण एवं रोस्टर निर्धारण, बैकलॉग पदों की भर्ती, पदोन्नति, विभागवार पदों के निर्धारण तथा स्वीकृत सेटअप से अधिक पदों पर विज्ञापन जारी करने जैसे कई बिंदु उठाए गए हैं। मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने और जांच पूरी होने तक भर्ती प्रक्रिया रोकने का निर्देश दिया गया था।
अब राजभवन स्तर से भर्ती प्रक्रिया स्थगित किए जाने के आदेश के बाद विश्वविद्यालय की भर्ती प्रक्रिया पर फिलहाल विराम लग गया है। आगे जांच में शिकायतों में लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

