तिल्दा-नेवरा।ग्राम अल्दा और देवरी के ग्रामीणों ने गुरुवार को पंचायत रजिस्टर में कथित छेड़छाड़ और पन्ने फाड़ने के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय का घेराव किया। तेज बारिश के बावजूद ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासनऔर विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी और प्रमोद वर्मा के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
ग्रामीणों का आरोप है कि अल्दा और देवरी गांव में प्रस्तावित संयंत्रों के विरोध के बावजूद पंचायत स्तर पर उनकी सहमति के बिना एनओसी जारी की गई। अल्दा में करीब सवा साल पहले हुई जनसुनवाई में ग्रामीणों ने संयंत्र का विरोध किया था। ग्रामीणों का आरोप है कि बाद में पंचायत रजिस्टर में कथित तौर पर कूटरचना कर एनओसी जारी कर दी गई।

मामले को लेकर ग्रामीणों ने पहले भी कई बार आंदोलन किया था। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इसी तरह देवरी में भी ग्रामीणों के मुताबिक संयंत्र के विरोध में हस्ताक्षर किए गए पंचायत रजिस्टर के दो पन्ने गायब हैं। ग्रामीणों ने सरपंच और सचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में तिल्दा थाने के घेराव के दौरान पुलिस ने अल्दा मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी और देवरी मामले में भी कुछ दिनों के भीतर रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन दिया था। ग्रामीणों का दावा है कि करीब तीन महीने बीतने के बाद भी देवरी मामले में कार्रवाई नहीं हुई।
गुरुवार को ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद नए एसडीएम के निर्देश पर पंचायत रजिस्टर के दो पन्ने फाड़ने के आरोप में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने अल्दा मामले में 10 दिनों के भीतर, गांधी जयंती से पहले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
प्रदर्शन समाप्त करते हुए ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में अब भी कार्रवाई में देरी हुई तो दोनों गांवों के ग्रामीण चक्काजाम करेंगे। कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि पंचायत रजिस्टर में कूटरचना के मामले में कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि देवरी मामले में भी रजिस्टर के दो पन्ने गायब होने के बावजूद पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की थी।
प्रदर्शन में ओमठाकुर प्रमोद वर्मा, तुकाराम चंद्रवंशी, कृष्ण कुमार वर्मा, तेजराम वर्मा, कांग्रेस शहर अध्यक्ष अजितेश शर्मा, कृष्णमूर्ति ठाकुर, नानकराम छाबड़िया सहित बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीण शामिल हुएशैलेश नितिन त्रिवेदी जमीन पर बैठकर रघुपति राघव राजा राम पतित पावन सीताराम के भजन गाते रहे

