खाटू वाले श्याम बाबा की भक्ति में देर रात तक सराबोर रहा सिंधी पंचायत भवन
तिल्दा-नेवरा -पूजा सिंधी पंचायत भवन में श्री श्याम अरदास का भव्य आयोजन किया गया। राजस्थान से आए भजन गायक प्रेम शर्मा और नेवरा के भजन गायक टीनू शर्मा ने अपनी सुरीली आवाज में खाटू वाले श्याम बाबा के भजनों की ऐसी प्रस्तुति दी कि पूरा पंचायत परिसर श्याम भक्ति में डूब गया। भजनों पर भक्त देर रात तक झूमते और नाचते नजर आए।
कार्यक्रम का शुभारंभ रात करीब 9 बजे खाटू वाले श्याम बाबा की पूजा-अर्चना एवं विशेष आरती के साथ हुआ। इसके बाद भजन गायक टीनू शर्मा ने गणेश वंदना से भजन संध्या की शुरुआत की। उन्होंने एक के बाद एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। “सच्चे हृदय से श्याम का सुमिरन किया करो” भजन ने भक्तों को मंत्रमुग्ध किया, वहीं “बाबा मेरा दीवाना” की प्रस्तुति पर श्रद्धालु अपनी जगह पर खड़े होकर झूमने लगे।

रात करीब 12 बजे राजस्थान से आए भजन गायक प्रेम शर्मा ने श्याम अरदास के साथ अपनी प्रस्तुति शुरू की। “म्हे म्हारा श्याम का लाडला” जैसे भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। इसके बाद उन्होंने “श्याम मेरा मनमीत”, “मंगल गाओ” सहित आधा दर्जन से अधिक भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों के दौरान ऐसा माहौल बना, मानो पूरा पंचायत परिसर श्याम भक्ति में लीन हो गया हो।
करीब रात 1:30 बजे तक चले श्री श्याम अरदास का समापन खाटू वाले श्याम बाबा की आरती के साथ हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर और राजिम सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्याम भक्त पहुंचे।
फोटो कैप्शन: फोटो 03श्याम अरदास में भजनों की प्रस्तुति देते भजन गायक प्रेम शर्मा एवं टीनू शर्मा फोयो 04 मौजूद श्याम भक्त।

