गुरुद्वारा, मंदिर, गणेश पंडाल, चौक-चौराहों और दफ्तरों में जले दीप | 25 साल की सार्वजनिक सेवा और 76वें जन्मदिन के प्रतीक के रूप में 101 दीप जलाए
तिल्दा-नेवरा-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन गुरुवार को तिल्दा-नेवरा में उत्साह और सेवा भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और देश की निरंतर प्रगति की कामना को लेकर शहर में विभिन्न स्थानों पर ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाया गया। घरों, मंदिरों, गुरुद्वारों, गणेश पंडालों, चौक-चौराहों, स्कूलों और कार्यालयों में शाम को दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
तिल्दा-नेवरा के विभिन्न गुरुद्वारों में प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और 76 वें जन्मदिन के प्रतीक के रूप में कुल 101 दीप जलाए गए। इस दौरान प्रधानमंत्री के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए विशेष अरदास भी की गई। शहर के अलग-अलग हिस्सों में लोगों ने अपने-अपने स्तर पर दीप जलाकर जन्मदिन समारोह में सहभागिता की।

दीनदयाल चौक पर विकास कोटवानी के नेतृत्व में नगर पालिका के कर्मचारियों और अन्य लोगों ने ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाया। इस दौरान आतिशबाजी भी की गई। दीपों की रोशनी से चौक का वातावरण उत्सवमय नजर आया।
संत कंवर राम चौक पर भाजपा नेता लख्मीचंद नवानी एवं पार्षद ज्योति नवानी के नेतृत्व में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। वहीं नगर पालिका कार्यालय में भी ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षदों सहित सीएमओ और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वामी आत्मानंद स्कूल में भी दीप जलाकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की गई। इसके अलावा शहर के विभिन्न गणेश पंडालों और धार्मिक स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलित कर प्रार्थना की गई। अटल चौक में पार्षद रानी सौरभ जैन की उपस्थिति में ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाया गया।
बड़े गुरुद्वारे में विशेष अरदास
तिल्दा के बड़े गुरुद्वारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन विशेष रूप से मनाया गया। दीपक निहिचलानी और माणिक कोडवानी की उपस्थिति में विशेष अरदास की गई तथा प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई। गुरुद्वारा परिसर में दीप जलाकर जन्मदिन की खुशियां साझा की गईं।
नेवरा में भाजपा युवा नेता दीपक शर्मा की उपस्थिति में ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाया गया। इस अवसर पर केक काटकर प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया गया।
स्टेशन चौक स्थित दुर्गा मंदिर में भाजपा नेता एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष महेश अग्रवाल तथा रिंकू अग्रवाल के नेतृत्व में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। माता के चरणों में प्रसाद का भोग लगाया गया और उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित कर मुंह मीठा कराया गया।
इसके अलावा शहर के स्कूलों, कार्यालयों, धार्मिक स्थलों और गणेश पंडालों में भी दीपोत्सव सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। शाम होते ही कई स्थान दीपों की रोशनी से जगमगा उठे।
प्रधानमंत्री के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ‘आशीर्वाद का दिया’ पहल के तहत दीप जलाने का आह्वान किया गया था। प्रधानमंत्री मोदी ने भी 17 सितंबर को इस पहल के तहत मिले स्नेह और आशीर्वाद के लिए लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

