Homeछत्तीसगढ़राजनांदगांव में स्कॉर्पियो-बाइक की टक्कर, सगे भाई-बहन समेत 4 की मौत

राजनांदगांव में स्कॉर्पियो-बाइक की टक्कर, सगे भाई-बहन समेत 4 की मौत

त्योहार की खुशियां थीं… घर में तैयारियां थीं… बाजार से खरीदारी कर लौटने की खुशी थी…लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था…

राजनांदगांव: राजनांदगांव में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार तीन सगे भाई-बहनों की जिंदगी छीन ली। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। दो भाई-बहनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरी बहन की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सबसे दर्दनाक बात ये है कि जिन बच्चों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना के लिए मां कमरछठ का व्रत रखने वाली थी… उन्हीं बच्चों की अर्थियां मां के सामने से निकलीं।
त्योहार की खरीदारी… हाथों में सामान… और मन में घर लौटने की खुशी…लेकिन ये सफर इन तीन भाई-बहनों का आखिरी सफर बन गया।

मामला राजनांदगांव जिले के छुरिया थाना क्षेत्र का  हैं…जहां मंगलवार शाम करीब 7 बजे शिकारीमहका-भोलापुर मार्ग पर नहर के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।बाइक पर गहिराभेड़ी निवासी 19 वर्षीय संदीप साहू, 23 वर्षीय भारती साहू और 25 वर्षीय टिकेश्वरी साहू सवार थे। तीनों भाई-बहन त्योहार की खरीदारी करने छुरिया गए थे और खरीदारी के बाद अपने गांव गहिराभेड़ी लौट रहे थे।

एक टक्कर… और तीन जिंदगियां खत्म

बताया जा रहा है कि इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई…
तीनों सवार उछलकर दूर जा गिरे।हादसे में 19 वर्षीय संदीप साहू और 23 वर्षीय भारती साहू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।जबकि 25 वर्षीय टिकेश्वरी साहू गंभीर रूप से घायल हो गईं।घटना के बाद राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल टिकेश्वरी को छुरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया…लेकिन जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही टिकेश्वरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
इस तरह एक ही परिवार के तीन सगे भाई-बहनों की मौत हो गई।टिकेश्वरी और   भारती साहू की शादी हो चुकी थी और त्योहार मनाने के लिए वह अपने मायके आई हुई थीं। लेकिन हादसे ने उनकी जिंदगी भी छीन ली।

मां जिस त्योहार पर बच्चों की लंबी उम्र मांग रही थी…ये हादसा सिर्फ तीन जिंदगियां नहीं ले गया…इसने एक मां की दुनिया ही उजाड़ दी। कमरछठ के दिन मां अपने बच्चों की लंबी उम्र, सुख और समृद्धि के लिए व्रत रखने वाली थी…लेकिन जिस दिन बच्चों की सलामती की दुआ मांगी जानी थी…उसी दिन मां के सामने उसके बच्चों की अर्थियां निकल गईं।
त्योहार की खुशियां… देखते ही देखते मातम में बदल गईं।

गांव में पसरा मातम

तीन भाई-बहनों की मौत की खबर जैसे ही गहिराभेड़ी गांव पहुंची…पूरे गांव में मातम पसर गया।जिस घर में त्योहार की तैयारी होनी थी…
वहां अब रोने की आवाजें थीं।ग्रामीणों के मुताबिक हादसे की खबर के बाद कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले।अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
खुज्जी विधायक भोलाराम साहू और पूर्व विधायक छन्नी साहू भी अंतिम संस्कार में पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।

स्कॉर्पियो सवार भी हुए घायल

हादसे में स्कॉर्पियो सवार लोग भी घायल हुए हैं।इनमें एक बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ने और बीपी लो होने की जानकारी सामने आई है। इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही छुरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंचीपुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।प्रारंभिक तौर पर अंधेरा और तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

त्योहार की खरीदारी करने निकले थे…सोचा था घर लौटेंगे…परिवार के साथ त्योहार मनाएंगे…लेकिन सड़क पर हुई एक भीषण टक्कर ने एक ही परिवार के तीन चिराग बुझा दिए।
जिस मां के हाथों में आज बच्चों की लंबी उम्र की कामना का व्रत था…उसी मां की आंखों के सामने बच्चों की अर्थियां निकल गईं।अब इस हादसे के बाद सवाल सिर्फ इतना नहीं कि गलती किसकी थी…सवाल ये भी है कि सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही कब तक परिवारों की खुशियां छीनती रहेगी?क्योंकि सड़क पर गुजरता हर वाहन सिर्फ एक वाहन नहीं होता…उसमें किसी का बेटा…किसी की बेटी…किसी का भाई…किसी की बहन…और किसी मां-बाप की पूरी दुनिया सफर कर रही होती है

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments