बिलासपुर-सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज में दो पक्षों में हुए विवाद ने देर रात हिंसक रूप ले लिया. दोनों पक्षों में नारेबाजी और गाली गलौज से शुरू हुआ विवाद मारपीट और पथराव तक पहुंच गया. कई थानों की पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा.
सोशल मीडिया पर कथित पोस्ट को लेकर दो पक्षों में विवाद हिंसक हो गया. विवाद बढ़ने पर दोनों तरफ से जमकर ईंट पत्थर चले. कुछ ही देर में इलाके में अफरा तफरी का माहौल हो गया. उपद्रवियों ने कोतवाली थाने के साथ ही आसपास के घरों और दुकानों में भी तोड़फोड़ की. हालात इतने बेकाबू थे कि पुलिस को पथराव रोकने काफी मशक्कत करनी पड़ी.
मौके पर पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया गया. इस पथराव में कई पुलिस अधिकारियों औऱ जवानों के घायल हुए है. तारबहार टीआई समेत कई पुलिसकर्मी घायल है. पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसूगैस के गोले छोड़कर हालात काबू में किया. इलाके में तनाव का माहौल है. पूरा इलाका छावनी में तब्दील कर दिया गया है. मुंगेली और जांजगीर से अतिरिक्त बल बुलाया गया है. पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. मौके पर आला अफसरों समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह देर रात तक पुलिस स्टेशन पर ही डटे रहे.
एसएसपी रजनेश सिंह ने घटना के बारे में बताया. “दो लोगों में विवाद हुआ. ये भी पता चला है कि पुराने विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने दूसरे व्यक्ति को पत्थर से मारा. जिसके बाद दूसरे पक्ष के व्यक्ति ने अपने लोगों को फोन किया. इसके बाद कुछ लोग खपरगंज पहुंचे और उन लोगों ने पथराव शुरू कर दिया. पुलिस जब तक उन्हें खदेड़ती, दूसरे पक्ष से भी पथराव शुरू हो गया. पुलिस ने तत्काल नियंत्रित किया और सभी को खदेड़ा. पुलिस पेट्रोलिंग कर रही है.”
जो भी आरोपी होगा उनके खिलाफ मामला दर्ज कर सबकी गिरफ्तारी होगी, सभी के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी. किसी को बख्शा नहीं जाएगा. 300 से 400 पुलिस जवानों ने पूरे जिले को घेर लिया है. दूसरे जिलों से भी पुलिस पहुंच रही है- रजनेश सिंह, एसएसपी, बिलासपुर

