स्कूल से लौटते समय हुआ हादसा, चालक कार छोड़कर फरार; CCTV के आधार पर तलाश में जुटी पुलिस
रायपुर। राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार कार ने स्कूल से घर लौट रही 8 वर्षीय छात्रा को टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके पैर की हड्डी टूट गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में एम्स रायपुर रेफर किया गया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घायल छात्रा महिमा ध्रुव (8) टिकरापारा की रहने वाली है और चौथी कक्षा में पढ़ती है। बुधवार शाम वह अपनी बहन खुशी ध्रुव और हर्ष ध्रुव के साथ कटोरा तालाब स्थित स्कूल से ऑटो में घर लौट रही थी। कंकाली तालाब पहुंचने के बाद तीनों पैदल डीमार्ट गली की ओर जा रहे थे।
शाम करीब 5:55 बजे शीतला मंदिर गली में पुरुषोत्तम अग्रवाल के घर के पास कंकाली तालाब की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार (CG 04 QH 9231) ने महिमा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि छात्रा सड़क पर उछलकर गिर गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से छात्रा को श्रीकृष्णा अस्पताल, राजेंद्र नगर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एम्स रायपुर रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
पीड़ित परिवार की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक की तलाश कर रही है।पुलिस का कहना है कि छात्रा स्कूल से घर लौट रही थी, तभी यह हादसा हुआ। आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।

