रायगढ़: रायगढ़ में पुलिस ने देह व्यापार के बड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए दो अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। पुलिस ने ग्राहक बनाकर पहले अपने मुखबिरों को अंदर भेजा… और जैसे ही इशारा मिला, टीम ने दबिश देकर पूरे रैकेट का भंडाफोड़ कर दिया। कार्रवाई में दो महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित छुड़ाकर उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
रायगढ़ शहर के कोतवाली और जूटमिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मकानों में छापेमारी की। पुलिस ने पहले अपने लोगों को ग्राहक बनाकर भेजा। जैसे ही अंदर से तयशुदा संकेत मिला, पुलिस टीम ने दोनों ठिकानों पर एक साथ दबिश दे दी। पहली कार्रवाई में मकान संचालिका लक्ष्मी वर्मा और ग्राहक ऋषभ शर्मा को गिरफ्तार किया गया। मौके से नकदी, मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई। वहीं अलग-अलग कमरों से दो नाबालिग लड़कियां भी मिलीं, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर काउंसलिंग के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
.पूछताछ में पुलिस को पता चला कि पिछले एक से दो वर्षों से मकान में बाहर से लड़कियां बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा था। ग्राहकों से मिलने वाली रकम का हिस्सा लड़कियों को दिया जाता था।
इसी दौरान साइबर सेल और जूटमिल थाना पुलिस ने दुर्गा चौक स्थित एक अन्य मकान में भी छापा मारा। यहां मकान संचालिका सुनीता मेहर और ग्राहक अजय सिंह को गिरफ्तार किया गया। मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई। मकान में मौजूद अन्य महिलाओं ने पुलिस को बताया कि उन्हें भी देह व्यापार के लिए बुलाया गया था।
दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
हालांकि यह पहली बार नहीं है जब रायगढ़ के जूटमिल इलाके से देह व्यापार का मामला सामने आया हो। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस तरह की गतिविधियां लंबे समय से चल रही हैं और शिकायतों के बाद ही कार्रवाई होती है। अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतने समय तक यह अवैध कारोबार किसके संरक्षण में चलता रहा और क्या इस कार्रवाई के बाद पूरे नेटवर्क की जड़ तक पुलिस पहुंच पाएगी? फिलहाल चार आरोपी सलाखों के पीछे हैं और पुलिस पूरे गिरोह की कड़ियां खंगालने में जुटी है।
कैमरामैन नीरजके साथ,कमल ल्ख्वानी VCN Times, रायगढ़।

