तिल्दा-नेवरा। सद्गुरु कबीर सेना एवं सद्विप्र समाज सेवा के संयुक्त तत्वावधान में सद्गुरु धाम आश्रम, गौरखेड़ा में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ भव्य रूप से मनाया गया। प्रदेशभर से पहुंचे संत-महात्माओं, पदाधिकारियों, समाजसेवियों एवं श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में श्रद्धा अर्पित कर सनातन संस्कृति की गुरु-शिष्य परंपरा का स्मरण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश संरक्षक श्रीमती अदिति नेम सिंह बघमार के पावन सान्निध्य में मंगलाचरण, ध्यान-साधना, गुरु वंदना, भजन-कीर्तन, हवन-यज्ञ एवं महाप्रसाद के साथ हुआ। पूरे आयोजन में आध्यात्मिक वातावरण और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला।
अदिति बघमार ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा और उद्देश्य प्रदान करने वाले महान पथप्रदर्शक होते हैं। गुरु ही अज्ञान के अंधकार को दूर कर सत्य, सेवा और संस्कार का प्रकाश हमारे जीवन में फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु के बताए मार्ग पर चलकर ही व्यक्ति अपने जीवन को सफल, सार्थक और समाजोपयोगी बना सकता है। भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान ईश्वर के समान माना गया है, क्योंकि गुरु ही हमें आत्मज्ञान, नैतिकता और मानवता का पाठ पढ़ाते हैं। उन्होंने सभी से गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और समर्पण का भाव बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, संस्कार और आध्यात्मिक जागरण का पावन अवसर है। गुरु का आशीर्वाद ही व्यक्ति के जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।
सद्गुरु कबीर सेना के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप नायक ने कहा कि सनातन धर्म में गुरु का स्थान ईश्वर से भी श्रेष्ठ माना गया है। गुरु ही अज्ञान के अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का अभी तक गुरु दीक्षा संस्कार नहीं हुआ है, वे गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपनी माता का पूजन करें, क्योंकि माता ही जीवन की प्रथम गुरु होती हैं।
प्रदेश प्रवक्ता अनिल बघेल, प्रदेश सचिव टीकमचंद वर्मा एवं अभिषेक बंजारे ने बताया कि गुरु पूर्णिमा का यह महापर्व छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में भी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। प्रदेश विस्तारक राजेंद्र साहू, प्रदेश कबीर मित्र अशोक यादव, पाटन जिला अध्यक्ष सूर्योदय घृतलहरे, रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष टूमन धीवर, महासमुंद से राजेंद्र वर्मा, मिलेंद्र, वीरेंद्र यादव सहित अनेक पदाधिकारियों के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर गुरु पूजन, सत्संग एवं सेवा कार्य आयोजित किए गए।
आध्यात्मिक आयोजन में साध्वी माँ अनंतेश्वरी, माँ शारदा, महात्मा रामकृष्ण, प्रदेश संरक्षक एवं पूर्व विधायक लक्ष्मी बघेल,सद्विप्र समाज सेवा के कोषाध्यक्ष महेंद्र वर्मा, पूर्व महिला अध्यक्ष माधुरी वर्मा, बेमेतरा जिला अध्यक्ष दिलेश निषाद, जिला महामंत्री शिव कटारिया, आरएसएस से कबीर मित्र संदीप वर्मा, विश्व हिंदू परिषद एवं दुर्गा वाहिनी से भारती सिंह, सुरेंद्र सिंह ठाकुर, गजेंद्र वर्मा, कोपराम वर्मा, नूतन साहू, शंकर साहू सहित बड़ी संख्या में संत, समाजसेवी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर प्रदेश संरक्षक एवं पूर्व विधायक लक्ष्मी बघेल ने सभी संत-महात्माओं, अतिथियों, पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए धर्म, समाज, राष्ट्र और मानवता के कल्याण की मंगलकामना के साथ यज्ञ की पूर्णाहुति कराई।गुरु पूर्णिमा महोत्सव ने श्रद्धालुओं को गुरु-भक्ति, सेवा, संस्कार और सनातन संस्कृति के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया।इस मौके पर भोजन भंडारा का आयोजन किया गया

