प्रथम बैठक में कला-संस्कृति को बढ़ावा देने की रणनीति, पदाधिकारियों की नियुक्ति और तीजन बाई को दी श्रद्धांजलि
रायपुर। प्रदेश साहू संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू की अनुमति से सांस्कृतिक एवं कला प्रकोष्ठ की प्रथम बैठक प्रदेश संयोजक महंत डॉ. लीलाधर साहू के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य संगठन का विस्तार करना तथा कला एवं संस्कृति से जुड़े स्वजातीय प्रतिभाओं को एक मंच पर लाकर प्रदेशभर में सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को मजबूत करना था।
बैठक में कला और संस्कृति से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। महंत डॉ. लीलाधर साहू ने कहा कि प्रकोष्ठ का लक्ष्य केवल साहू समाज ही नहीं, बल्कि सर्व समाज की कला एवं सांस्कृतिक प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी सांस्कृतिक एवं कला प्रकोष्ठ द्वारा कई सराहनीय कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।
इस अवसर पर संगठन विस्तार के तहत नई नियुक्तियों की घोषणा की गई। श्रीमती तरूणा साहू, तेजराम साहू एवं शैलेष साव को प्रदेश सह-संयोजक, हनुमंत साहू को प्रदेश महामंत्री, किशोर साहू को प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया। वहीं नमीत साहू, मनहरण साहू, ऋषभदेव साहू, श्रीमती खिखलेश्वरी साहू एवं दुर्गा साहू को संगठन सचिव तथा लीलाराम साहू, राज साहू, शीत कुमार साहू, श्रीमती नीतू साहू एवं हेमचंद साहू को प्रदेश संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। पूर्व ब्लॉक एवं जिला मीडिया प्रभारी ज्योतिष साहू को प्रदेश मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया।
नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद प्रदेशभर से पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने नव-नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। सभी पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू एवं प्रदेश संयोजक महंत डॉ. लीलाधर साहू के प्रति आभार व्यक्त किया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश साहू संघ के उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश साहू, प्रदेश संगठन सचिव चंद्रवती साहू, संयुक्त सचिव प्रदीप साहू सहित अनेक प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में भारत की लोक कला की महान हस्ती पद्मश्री, पद्मभूषण एवं पद्मविभूषण से सम्मानित डॉ. तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए

