बेमेतरा जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, यहां एक कच्ची आईटी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे मलबे में दबकर दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, जिले के ग्राम राउरपुर में दर्दनाक हादसा हो गया। परिजन ने बताया कि खाना खाने के बाद बर्तन साफ कर रहे थे। इसी दौरान शशिकला खंडेलवाल घर के पास बनीकची दीवार के पास बर्तन मांज रही थीं, उनके साथ दो मासूम बच्चियां भी हाथ धो रह थीं, तभी अचानक जर्जर कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई और तीनों मलबे में दब गए। हादसे में 12 वर्षीय वंशिक कोशले और 10 वर्षीय राधिका कोशले की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बच्चियों की बुआ शशिकला खंडेलवाल गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों बच्चियों की मौत हो चुकी थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, बेमेतरा पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। वहीं इस हृदयविदारक घटना से ग्राम राउरपुर में मातम का माहौल है।

