Homeछत्तीसगढ़सुपर फास्ट:छत्तीसगढ़ के साथ देश की चर्चित बड़ी खबरे

सुपर फास्ट:छत्तीसगढ़ के साथ देश की चर्चित बड़ी खबरे

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है।जिले के उरगा थाना क्षेत्र के चीतापाली गांव में जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान गुस्से में आए दिव्यांग बेटे ने अपनी मां पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण मां की मौके पर ही मौत हो गई।जब पिता ने बेटे को रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

दिव्यांग बेटे ने मां पर बरसाई लाठियां, मौत

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के ग्राम छर्रा टांगर में बच्चों ने पत्थर मारकर हाथियों को खदेड़ा। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हाथियों को भगाने के लिए पटाखे फोड़कर उनके आसपास फेंके गए। इसके शोर से और पत्थरबाजी से हाथी इधर-उधर भागने लगे।जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी। इससे पहले रील बनाने के लिए युवकों ने हाथी पर पत्थर मारा था, जब हाथी बेकाबू होकर उनकी ओर दौड़ा तो सभी युवक भाग निकले थे। वन विभाग ने दोनों ही मामलों में ग्रामीणों की पहचान कर कार्रवाई करने की बात कही है।

हाथियों को भगाने पत्थर और पटाखे जलाकर फेंका

दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना क्षेत्र स्थित बंजारी घाट में ट्रक चालक की आत्महत्या मामले में पुलिस ने मर्सिडीज चालक सागर हेमला को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, मर्सिडीज और ट्रक की टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। जांच में सामने आया कि आरोपी सागर हेमला ट्रक चालक पर नुकसान की भरपाई के लिए लगातार पैसों का दबाव बना रहा था। इसी मानसिक तनाव के चलते ट्रक चालक ने आत्महत्या कर ली।मामले की जांच के बाद पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने (अभियोजन के अनुसार) की धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल गीदम पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

बंजारी घाट आत्महत्या मामले में आरोपी गिरफ्तार

जशपुर जिले के पत्थलगांव में तेज रफ्तार ने एक और जिंदगी छीन ली। शेखरपुर पुलिया के पास दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।पत्थलगांव थाना क्षेत्र के शेखरपुर पुलिया के पास देर शाम दो बाइकों के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में घायल दो अन्य युवकों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।

2 बाइक की भिड़ंत,एक युवक की मौके  पर मौत

बस्तर प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा शनिवार को अचानक मर्दापाल के साप्ताहिक बाजार पहुंच गए। नारायणपुर के कन्हारगांव से कोण्डागांव लौटते समय सड़क किनारे सजे बाजार को देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवाया और सीधे लोगों के बीच पहुंच गए।डिप्टी सीएम ने बाजार में मौजूद ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं और व्यापारियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों से बाजार की व्यवस्थाओं, क्षेत्र की जरूरतों और जनजीवन से जुड़े विषयों पर चर्चा की।ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सल भय कम होने के बाद मर्दापाल बाजार की रौनक लौट आई है। पहले जो ग्रामीण बाजार आने से कतराते थे, वे अब आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। डिप्टी सीएम के अचानक बाजार पहुंचने और सहज व्यवहार से लोगों में उत्साह का माहौल रहा।

कोंडागांव में डिप्टी सीएम ने रुकवाया अपना काफिला
भिलाई के खुर्सीपार इलाके में निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम के दौरान शनिवार को हादसा हो गया। काम कर रहे दो मजदूरों को करंट का झटका लगा, जिसके बाद वे करीब 20 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गए। हादसे में दोनों घायल हो गए। उन्हें पहले सेक्टर-9 अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद जुनवानी स्थित एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।दोनों मजदूर हाईटेंशन तार की चपेट में नहीं आए। नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। घायलों की पहचान करंजा भिलाई के युवराज निषाद और गुलशन निषाद के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से जानकारी ली। विभाग की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
मजदूरों को लगा करंट का झटका, 20 फीट नीचे गिरे
कोरबा शनिवार की सुबह कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भालूमोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। यहां दो तेज रफ्तार ट्रेलरों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह के समय हुआ जब दोनों ट्रेलर तेज गति से एक-दूसरे की ओर आ रहे थे। नियंत्रण खोने के कारण आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद एक ट्रेलर का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव केबिन के अंदर इस कदर फंस गया था कि उसे निकालने के लिए कटर का सहारा लेना पड़ा।
कोरबा: दो ट्रेलरों की भीषण टक्कर, एक चालक की मौत,

बेमेतरा जिले में शनिवार को मामूली विवाद में युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वहीं वारदात के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। उसने हत्या का जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। यह मामला चंदनू थाना क्षेत्र के ग्राम भदराली का है।जानकारी के अनुसार, ग्राम भदराली के मेन रोड स्थित पिरैया मोड़ के पास कन्हैया बंजारे की धारदार हथियार (तबली) से गला रेतकर हत्या कर दी गई।पुलिस के अनुसार, हत्या का आरोप बउवा राम चतुर्वेदी पर है। घटना के बाद आरोपी खुद चंदनु थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। उसने हत्या करने की बात भी स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

बेमेतरा में मामूली विवाद में युवक की गला रेतकर हत्या

स्कूली बच्चों की पढ़ाई और कोचिंग की बढ़ती दौड़ को देखते हुए बिलासपुर के ग्राम पंचायत सेलर में जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों ने एक अनोखी पहल शुरू की है। यहां बच्चों को एजुकेशन के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करवाई जा रही है।यहां गांव की दीवारों को ‘चलती-फिरती पाठशाला’ में बदल दिया गया है। गलियों और सार्वजनिक स्थानों की दीवारों पर सामान्य ज्ञान, इतिहास, भूगोल, विज्ञान और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े सवाल लिखे गए हैं, जिन्हें बच्चे रोज पढ़ते हुए स्कूल पहुंचते हैं।किताबों के पन्नों से निकलकर पढ़ाई अब गांव की दीवारों तक पहुंच गई है। गांव की यह पहल साबित करती है कि शिक्षा में बदलाव के लिए बड़े बजट की नहीं, बल्कि नई सोच की जरूरत होती है। आने वाले समय में यह मॉडल दूसरे गांवों के लिए भी प्रेरणा बन सकता है।

बिलासपुर के गांव में दीवारों पर लिखे GK-करंट अफेयर्स:
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments