तिल्दा-नेवरा। नेवरा स्थित सतनामी पारा में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक कच्चे मकान में अचानक आग लगने से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते उसने पास के एक अन्य मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना में दो परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार जिस मकान में सबसे पहले आग लगी, वहां एक महिला अकेली रहती है। सतनामी पारा की बसाहट घनी होने के कारण अधिकांश मकान एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। इसी वजह से आग तेजी से फैलते हुए पड़ोस में रहने वाले पंपम टंडन के घर तक पहुंच गई।
आग लगते ही स्थानीय लोग बाल्टियों और अन्य साधनों से पानी डालकर आग बुझाने में जुट गए। सूचना मिलते ही अल्ट्राटेक, सेंचुरी, अडानी सहित अन्य औद्योगिक इकाइयों की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर तिल्दा-नेवरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आगजनी की इस घटना में महिला का पूरा कच्चा मकान जलकर खाक हो गया, वहीं पड़ोसी के घर को भी काफी नुकसान पहुंचा है।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

