रायपुर =रायपुर के व्यस्ततम कारोबारी इलाके बॉम्बे मार्केट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सेंट्रल बैंक के कार्यालय में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग लगने से पहले धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें देखते ही आसपास के दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर बाहर निकल आए। मौके पर दमकल विभाग की कई टीमें आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं।
मामला रायपुर के मोहदापारा थाना क्षेत्र का है, जहां बॉम्बे मार्केट स्थित सेंट्रल बैंक के कार्यालय में अचानक आग भड़क उठी। बैंक के सफाई कर्मी ने सबसे पहले धमाके की आवाज सुनने की बात कही है, जबकि एसीपी कोतवाली ने भी धमाके की पुष्टि की है। बैंक का कार्यालय बिल्डिंग के पहले और दूसरे फ्लोर पर संचालित होता है।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। वहीं कोतवाली और मोहदापारा थाना पुलिस के साथ एंबुलेंस की टीम भी मौके पर तैनात है। आग लगने के बाद आसपास के दुकानदारों और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। दमकल विभाग की टीम लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
फिलहाल दमकल कर्मियों की कोशिशें जारी हैं और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। आग के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

