लगातार दूसरे दिन कार्रवाई, नशे के कारोबारियों पर पुलिस का शिकंजा
तिल्दा-नेवरा। तिल्दा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। मंगलवार को पुलिस ने एक महिला के कब्जे से करीब 3.75 किलो गांजा जब्त किया था। इसके अगले ही दिन मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक युवक को गांजा के साथ पकड़ लिया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध रूप से गांजा लेकर बिक्री के लिए घूम रहा है। सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से गांजा बरामद हुआ, जिसे जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
तिल्दा क्षेत्र में लगातार सामने आ रहे गांजा, शराब और नशीले पदार्थों के मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। बीते कुछ दिनों में महिलाओं और पुरुषों की गिरफ्तारी यह संकेत दे रही है कि क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस का कहना है कि ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

