गौरेला -छत्तीसगढ़ के गौरेला थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विधवा महिला के साथ रिश्ते के ही दो देवरों ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता के पति का करीब 10 साल पहले निधन हो गया था। इसके बाद से वह अकेली रह रही थी। इसी का फायदा उठाकर महिला के रिश्ते में लगने वाले दो देवरों ने अलग-अलग समय पर मौका पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। गौरेला थाना प्रभारी शनिप रात्रे ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता की शिकायत पर दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पहले मामले में एक आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 66D, 196, 336(3) और 356(2) के तहत अपराध पंजीकृत किया गया है। वहीं, दूसरे मामले में दूसरे आरोपी के खिलाफ धारा 64(2)(F) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और दोनों ही मामलों में आरोपियों की पतासाजी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

