जगतरा में 5 घंटे चला तेंदुए का रेस्क्यू ऑपरेशन, कुएं से निकलते ही पिंजरे के बजाय गांव की ओर भागा तेंदुआ, क्षेत्र में हाई अलर्ट
बालोद: जिला मुख्यालय से लगे ग्राम जगतरा में शुक्रवार को तेंदुए के रेस्क्यू के दौरान अफरा तफरी मच गई. दरअसल, कुएं में गिरे तेंदुए को बाहर निकालने के लिए बुलाई गई जेसीबी जैसे ही उसे ऊपर लाई, तेंदुआ वन विभाग के जाल में फंसने के बजाय सीधे भीड़ की ओर दौड़ पड़ा. अचानक हुए इस हमले से बचने के लिए तालाब किनारे खड़ी महिलाओं ने अपने मासूम बच्चों के साथ गहरे पानी में छलांग लगा दी.
जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम जगतरा के एक कुएं में तेंदुआ गिरने की खबर से सुबह से ही हड़कंप मचा था. वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लगभग 5 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. जब पिंजरा काम नहीं आया, तो जेसीबी की मदद ली गई. लेकिन जैसे ही तेंदुआ जमीन पर आया, वह बेकाबू होकर भागने लगा.
तेंदुए को अपनी ओर आता देख गांव में भगदड़ मच गई. सबसे डरावनी स्थिति तालाब के पास बनी, जहां मौजूद महिलाएं और बच्चे तेंदुए के सीधे निशाने पर आ गए थे. तेंदुए के पंजों से बचने के लिए महिलाओं के पास कोई रास्ता नहीं बचा था, जिसके चलते उन्होंने बच्चों सहित तालाब में छलांग लगा दी. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जो दिल दहला देने वाला है.
तेंदुआ वर्तमान में गांव के रिहायशी इलाके या आसपास के खेतों में कहीं छिपा हुआ है. सुरक्षा के मद्देनजर पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है और लोग अपनी छतों पर बैठकर स्थिति पर नजर रख रहे हैं. पुलिस और वन विभाग की टीमें सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अब तक तेंदुआ पकड़ से बाहर है.
प्रशासन ने ग्राम जगतरा समेत आसपास के गांवों में मुनादी करवा दी है. ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे शाम के समय घरों से बाहर न निकलें और मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर बांधें. पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और वन विभाग की टीम को सहयोग करने की अपील की है.
वर्जन :सुबह DFO से जानकारी मिली थी. फिलहाल राजस्व विभाग की टीम को कहा गया है कि यहां मुनादी करा दी जाए और गांव वालों को अलर्ट किया जाए, तेंदुए के नजदीक ना जाएं-नूतन कंवर, SDM बालोद

