तिल्दा नेवरा।
अखिल भारतीय केसरवानी महासभा में तिल्दा की बेटी आरती राजेश गुप्ता को राष्ट्रीय सहसंयोजिका पद पर मनोनीत किए जाने पर समाज में खुशी की लहर है। इस नियुक्ति को लेकर तिल्दा सहित पूरे केसरवानी समाज में उत्साह का माहौल है और समाजजनों ने इसे गौरव का विषय बताया है।
अखिल भारतीय केसरवानी महासभा के राष्ट्रीय संरक्षक शिव भैया (इलाहाबाद), राष्ट्रीय अध्यक्ष एस.एन. केसरी भैया (हैदराबाद), राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष सीए उमेश चंद गुप्ता (रायपुर), राष्ट्रीय महामंत्री संजय केसरी भैया (सिलीगुड़ी) एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष छत्तीसगढ़ संरक्षक रतनमनी भैया (लोरमी) सहित महासभा के वरिष्ठ पदाधिकारियों के आशीर्वाद से यह नियुक्ति की गई है।
आरती गुप्ता, स्वर्गीय समाजसेवी नत्थूलाल केसरवानी की पुत्री हैं। मूल रूप से उत्तर प्रदेश निवासी परिवार से संबंध रखने वाली आरती गुप्ता ने अपने पिता की पहचान को आगे बढ़ाते हुए स्वयं भी सामाजिक क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने शिक्षिका के रूप में लंबे समय तक सेवाएं दीं और उनके पढ़ाए हुए विद्यार्थी आज विभिन्न बड़े पदों पर कार्यरत हैं।
विवाह के बाद भी उन्होंने शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई। कोरबा नगर महिला सभा में पिछले 24 वर्षों से उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इस दौरान वे महिला सभा की अध्यक्ष भी रहीं। वर्ष 2022 से 2025 तक वे छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला सभा की महामंत्री पद पर भी कार्यरत रहीं, जहां उनका कार्यकाल काफी सराहनीय रहा।
उनकी सामाजिक सक्रियता, संगठन क्षमता एवं समाज हित में किए गए कार्यों को देखते हुए महासभा ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए राष्ट्रीय सहसंयोजिका नियुक्त किया है।
इस नियुक्ति पर केसरवानी समाज के वर्तमान अध्यक्ष महेश केसरवानी, संरक्षक राजेंद्र केसरवानी, सचिव राकेश केसरवानी, महिला सभा अध्यक्ष सुधा केसरवानी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं समाजजनों ने आरती गुप्ता और उनके परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही तिल्दा केसरवानी कल्याण समिति ने अखिल भारतीय केसरवानी महासभा के समस्त पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

