कांग्रेस को अब नेता नहीं चला रहे,एक कंपनी चला रही
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भोपाल में कहा, मोदी यानी हर गारंटी पूरी होने की गारंटी है। जब मोदी गारंटी देता है, तो वो जमीन पर उतरती है। घर-घर पहुंचती है। कांग्रेस पर बड़ा हमला करते हुए मोदी ने कहा, कांग्रेस को अब कांग्रेस के नेता नहीं चला रहे। अब कांग्रेस एक कंपनी बन गई है। नारों से लेकर नीतियों तक हर चीज आउटसोर्स कर रही है। ये ठेका अब कुछ अर्बन नक्सलियों के पास है। कांग्रेस में अब अर्बन नक्सलियों की चल रही है।
पीएम ने जंबूरी मैदान में भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित किया। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने अपनी सारी इच्छाशक्ति खो दी है। कांग्रेस के जमीन से जुड़े नेता चुपचाप मुंह पर ताला लगाकर बैठ गए हैं। कांग्रेस पहले बर्बाद हुई, बैंक करप्ट हुई, अब अपना ठेका दूसरे लोगों को दे दिया है। ये ग्राउंड पर कांग्रेस का हर कार्यकर्ता महसूस कर रहा है। कांग्रेस जमीन पर लगातार खोखली हो रही है।
पीएम ने आग्रह करते हुए कहा, 2 अक्टूबर को बापू की जयंती है। इससे पहले 1 अक्टूबर को स्वच्छता से जुड़ा कार्यक्रम पूरे देश में होने वाला है। मेरा आग्रह है कि आप सभी इस स्वच्छता के कार्यक्रम में जुडि़ए। त्योहारों में हमें वोकल फॉर लोकल याद रखना है। खादी के कपड़े खरीदने हैं। जो गिफ्ट खरीदें, वो लोकल हो, भारत में बना हो, यह बात हमें कभी भी भूलनी नहीं है।
मोदी ने आपको जो गारंटी दी थी, वो पूरी हो गई। लोकसभा-राज्यसभा में 33प्रश सीट आरक्षित करने का कानून नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित हुआ। दशकों से देश की माताएं-बहनें इसका इंतजार कर रही थीं। यह तक कहा जाने लगा था कि शायद यह कभी नहीं हो पाएगा।
कांग्रेस और उसके नए घमंडिया गठबंधन ने मजबूरी में इस बिल का समर्थन बहुत खट्टे मन से किया। इनके गठबंधन में जितने लोग हैं, वही लोग हैं, जिन्होंने 30 साल तक इस कानून को पारित नहीं होने दिया। पार्लियामेंट में हुड़दंग किया, बिल फाड़ दिए, स्पीकर पर हमले बोल दिए।

