छत्तीसगढ़

सड़क सुरक्षा की ओर कदम: अदाणी पॉवर प्रोजेक्ट, तिल्दा रायखेड़ा में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

तिल्दा नेवरा -अदाणी पॉवर रायपुर प्रोजेक्ट  तिल्दा रायखेड़ा क्षेत्र में 37 वें सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर’सड़क सुरक्षा- जीवन रक्षा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय समुदाय, वाहन चालकों और छात्रों में सुरक्षित यातायात व्यवहार को प्रोत्साहित करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना था। इस पहल में खरोरा थाना प्रभारी (पीआई) एवं उनकी पुलिस टीम ने सक्रिय सहयोग दिया।

कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद दोपहिया चालकों को हेलमेट और सड़क सुरक्षा संबंधी पेम्पलेट प्रदान किए गए। उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कंपनी प्रतिनिधियों ने प्रतिभागियों को विभिन्न यातायात संकेतों और साइन बोर्ड की पहचान करने के बारे में जानकारी दी। मौके पर उपस्थित वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप और स्टिकर लगाए गए, ताकि रात्रिकालीन वाहन संचालन के दौरान उनकी दृश्यता बढ़ सके। फैक्ट्री गेट परिसर में एक जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। यातायात नियमों का पालन कर रहे वाहन चालकों को गुलाब और चॉकलेट देकर सम्मानित किया गया, जिससे अन्य लोगों को भी ट्रैफिक नियमों के प्रति सजग होने की प्रेरणा मिली। पूरे कार्यक्रम के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग न करने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने, गति सीमा का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता जैसे महत्वपूर्ण संदेश साझा किए गए।

खरोरा पुलिस विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है और ऐसे जागरूकता अभियान सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। स्थानीय समुदाय ने इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे जीवन की सुरक्षा के लिए उपयोगी कदम बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button