छत्तीसगढ़

खूनी वारदात से दहला छत्तीसगढ़, शादीशुदा बॉयफ्रेंड ने गर्लफ्रेंड का काटा गला, फिर खुद दे दी जान

कोरबा: बुधवार की सुबह कोरबा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. उरगा थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी ही गर्लफ्रेंड का गला काट दिया, इसके बाद खुद का गला काटकर मौत को गले लगा लिया. दोनों ही युवक और युवती बिलासपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं. जो देर रात बिलासपुर से उरगा थाना क्षेत्र के गांव संडेल के पास पहुंचे थे.

उरगा के संडेल गांव में इस वीभत्स कांड को अंजाम दिया गया है. घायल अवस्था में लड़की ने बिलासपुर में मौजूद अपने परिजनों को चैटिंग के जरिए घटनाक्रम की जानकारी दी. लोकेशन भेजकर कहा कि मेरी जान बचा लो, इसी लोकेशन को परिजनों ने बिलासपुर के कोतवाली थाना को फॉरवर्ड किया. जिसे कोरबा पुलिस को उपलब्ध कराया गया. जिसके बाद उरगा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. युवक के शव को रिकवर किया और युवती को गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया. जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस इस सनसनीखेज मामले की जांच में जुट गई है. युवक और युवती के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है.

खून से लथपथ मिली युवती की पहचान 22 वर्षीय निशा उर्फ प्रतीक्षा के तौर पर हुई है. वह बिलासपुर जिले के कश्यप कॉलोनी निवासी के तौर पर हुई है. जबकि घटना में मृतक युवक की पहचान 28 वर्षीय शुभम नायडू, सरकंडा, बिलासपुर निवासी के तौर पर की गई है. मृतक युवक शादीशुदा है. जिसकी अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर अनबन है. जो एक बच्चे का पिता भी है. अब तक मिली जानकारी के अनुसार युवती रात के लगभग 9:00 बजे अपने घर से लापता हुई थी. संदेह के आधार पर परिजनों ने बिलासपुर जिले के कोतवाली थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी.
देर रात उरगा थाना पुलिस और कोरबा पुलिस के कंट्रोल रूम को बिलासपुर जिले के कोतवाली थाना पुलिस से पॉइंट मिला. जिसमें बताया गया कि बिलासपुर की एक युवती उरगा थाना क्षेत्र के एक नाले के पास खून से लथपथ अवस्था में पड़ी हुई है. मरणासन्न स्थिति में है. कोतवाली बिलासपुर के पुलिस ने कोरबा के पुलिस को लोकेशन भी भेजा. इसके आधार पर उरगा थाना पुलिस देर रात मौके पर पहुंची. जहां युवक मृत अवस्था में पड़ा हुआ था. जबकि युवती गला काटे जाने के बाद बेहद गंभीर अवस्था में थी. युवक के शव को बरामद कर पुलिस ने युवती को तत्काल अस्पताल के लिए रवाना कर दिया.

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उरगा थाना क्षेत्र में जब पुलिस मौके पर पहुंची तब तक युवक की मौत हो चुकी थी. जबकि युवती बेहद गंभीर अवस्था में खून से लथपथ मौके पर पड़ी हुई थी. जिसने इशारों में बताया कि वह युवक के साथ यहां पहुंची थी. युवक ने पहले मेरा गला काटा, इसके बाद अपना गला काट लिया. पुलिस ने तत्काल युवती को अस्पताल भेजने की तैयारी की और युवक के शव को भी मौके से उठाकर वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की पूरी सूचना दी.हालांकि युवक ने इस घटना को अंजाम क्यों दिया, अब तक इस बात की जानकारी किसी को भी नहीं है. इस दिशा में पुलिस जांच कर रही है.

इस घटना के विषय में एडिशनल एसपी लखन पटले ने बताया कि देर रात थाना उरगा और कोरबा के कंट्रोल रूम को यह सूचना मिली कि एक युवती जो खून से लथपथ है, वह उरगा क्षेत्र के एक नहर में पड़ी हुई है. वह अपने घर के किसी सदस्य से एक चैटिंग कर रही है और घटनाक्रम की जानकारी दी है. पुलिस की टीम वहां पहुंची घटना स्थल पर युवती के गले में धारदार हथियार से चोट के निशान थे. इसके साथ एक लड़का भी वहां मौजूद है, जिसके गले पर चोट का निशान है और उसकी मौत हो चुकी है. युवक का नाम शुभम नायडू है.

लड़की ने ही इशारों से बताया कि उसका साथी शुभम नायडू है, उसने पहले मुझे मारा और फिर धारदार हथियार से अपना गला काट लिया है. प्रथम दृष्टया लड़की के परिजन हैं, उनकी ओर से मुकदमा दर्ज किया जाएगा. जांच की जा रही है. एफएसएल की टीम मौके पर मौजूद है. सभी तरह से जांच की जाएगी. लड़की रात के 9 बजे के आसपास से अपने घर से गायब थी. परिजनों ने गुम इंसान का मामला भी दर्ज कराया था. सभी तथ्यों पर पुलिस विवेचना कर रही है और करवाई जा रही है- लखन पटले, एएसपी, कोरबा

कोरबा एएसपी लखन पटले ने कहा कि मृतक युवक सरकंडा का रहने वाला है और वह शादीशुदा है.पति-पत्नी के बीच अनबन भी चल रही है. घटनास्थल पर एक मोटरसाइकिल भी मिली है. जिसे जब्त किया गया है. दोनों के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है, जो कोरबा पहुंच रहे हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button