मुबई-एक्टर धर्मेंद्र (89) के निधन की खबर है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनके निधन पर शोक जताया है। सांस लेने की तकलीफ होने पर उन्हें सोमवार को ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। वहीं, उनकी बेटी ईशा देओल ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में उनके निधन की खबरों को सिरे से खारिज करते लिखा है कि-
“मीडिया पूरी तरह गलत खबरें फैला रहा है। पापा की हालत स्थिर है और वे रिकवर कर रहे हैं। हम सभी से निवेदन करते हैं कि हमारे परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें। पापा की जल्दी सेहतमंदी के लिए दुआ करने के लिए धन्यवाद।”
89 साल के एक्टर को सोमवार को सांस लेने में तकलीफ होने के चलते ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां हालत स्थिर न होने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। उनके लिए 72 घंटे क्रिटिकल हैं।
देओल परिवार के करीबी सूत्र के अनुसार, धर्मेंद्र की बेटियों को पहले ही विदेश से मुंबई बुलाया गया है। बीती रात सनी देओल अस्पताल के बाहर बेहद भावुक नजर आए, वहीं बॉबी देओल भी अल्फा की शूटिंग छोड़कर मुंबई लौट आए और पिता से मिलने पहुंचे थे। शाहरुख, सलमान समेत कई बॉलीवुड सेलेब्स सोमवार देर रात ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल पहुंचे।
10 नवंबर से पहले धर्मेंद्र को 31 अक्टूबर को भी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। रिपोर्टर विक्की ललवानी ने पोस्ट कर बताया था कि सांस लेने में तकलीफ होने के चलते धर्मेंद्र को ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। उन्हें ICU में रखा गया था। उनके सारे शरीर के पैरामीटर ठीक होने पर उन्हें कुछ ही घंटों में डिस्चार्ज कर दिया गया था।
बता दें कि इसी साल की शुरुआत में धर्मेंद्र की कॉर्निया ट्रांसप्लांट सर्जरी हुई थी। उनकी बाईं आंख की पारदर्शी परत यानी कि कॉर्निया डैमेज हो गई थी, जिसके बाद उनका कॉर्निया ट्रांसप्लांट (केराटोप्लास्टी) किया गया था।
धर्मेंद्र को साल 2015-2020 के बीच कई बार पीठ दर्द, मांसपेशियों में खिंचाव और कमजोरी की शिकायत हुई थी। उन्हें पीठ दर्द और थकान की वजह से अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था।

