दुर्ग छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने घर के बाहर बैठी महिलाओं और बच्चों समेत 5 लोगों को रौंद दिया। हादसे में मां और बेटी की मौत हो गई, जबकि 3 लोगों की हालत गंभीर है गुस्साए लोगों ने चक्काजाम कर दिया। घटना
जेवरा सिरसा चौकी पुलिस के मुताबिक, यह हादसा सोमवार रात करीब 9 बजे के आसपास हुई है। मरने वालों की पहचान संतोषी निषाद (08) और उसकी मां सरस्वती देशमुख (55) के रूप में हुई है। यह सभी गर्मी के चलते ठंडी हवा लेने के लिए खाना खाने के बाद घर के बाहर बैठी थी।
हादसे में घायल 3 लोगों को पुलिस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज चल रहा है। जबकि एक बच्ची को यशोधरा अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं, मृतक संतोषी और सरस्वती के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी में रखवा दिया गया है।

इधर, एक्सीडेंट के बाद गुस्साए गांव के लोगों ने रात में ही मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर पुलिस ने लोगों को शांत कराया। इसके बाद पीड़ित परिजनों ने मंगलवार सुबह 10 बजे फिर से मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम कर नारेबाजी की। हालांकि, मुआवजा देने के आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम खत्म कर दिया।
हादसे में जिस मां-बेटी की जान गई है, वो दोनों गर्मी की छुट्टियां मनाने के लिए बेलौदी गांव अपने नानी के घर आए थे। संतोषी के स्कूल की छुट्टियां चल रही है। फिलहाल, पुलिस ट्रैक्टर जब्त कर मामले में आगे की जांच कर रही है।