रायपुर में मां-बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस मामले में नए साल के दिन 14 साल की बच्ची की लाश नाले में मिली थी। अब ठीक एक दिन बाद उसकी मां का शव मिला है। दरअसल, बच्ची की लाश मिलने के बाद जब पुलिस ने छानबीन शुरू कर उसके घर पहुंची तो घर पर ही उसकी मां की मौत के बारे में पता चला।
पुलिस को हत्या किए जाने के सबूत मिले हैं। इन्हें किसने मारा और हत्या के क्या कारण थे, इसकी जांच में पुलिस जुटी हुई है। इस मामले में रेप की भी आशंका जताई जा रही है। बता दें कि रायपुर में बीते 2 दिनों में 5 मर्डर हुए हैं।
बुधवार को 14 साल की लड़की की लाश खमतराई थाना इलाके के एक नाले में पड़ी मिली थी। गुरुवार को उसकी मां की लाश धरसींवा पुलिस स्टेशन एरिया में मिली है। दोनों ही थानों की टीम इस केस की जांच कर रही है।
रायपुर-बिलासपुर हाईवे से लगी एक बस्ती में 14 साल की बच्ची और उसकी मां रहती थी। महिला के पति की कुछ साल पहले ही मौत हो चुकी है। जहां महिला की लाश मिली पुलिस ने कमरे के भीतर किसी को जाने नहीं दिया।
मौके पर खून के छींटे जमीन और दीवार पर मिले हैं। जांच टीम के अधिकारियों ने बताया कि धारदार हथियार या भारी चीज से पीटकर महिला को मारा गया होगा। बेटी की हत्या कैसे की गई इसकी जांच जारी है। दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
घटना की खबर मिलते ही मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची। कुछ सुराग जुटाए गए हैं, पुलिस महिला के घर आने जाने वालों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मोहल्ले में चर्चा है कि किसी परिचित ने ही इस वारदात को अंजाम दिया होगा। महिला और बेटी मुस्लिम समुदाय से थी। पुलिस को इस घटना में रेप किए जाने की भी आशंका है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मां-बेटी के नाम का खुलासा नहीं किया गया है।
महिला का सड़क किनारे जहां घर है, वहां बिजली का कनेक्शन भी नहीं था। आसपास कुछ छोटे-मोटे काम करके महिला अपना और अपनी बेटी का पेट पाला करती थी। PM आवास योजना के घर में दोनों रहा करते थे। परिचितों ने बताया कि इनके कुछ रिश्तेदार यहां रहते हैं, लेकिन उनसे भी इनकी बोल-चाल नहीं थी।