राजनांदगांव
-छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में आज उस समय अफरा-तफरी जब इलाके के भवरमरा गांव में सिलेंडर फट गया. इस हादसे में पूरा परिवार जिंदा जल गया. माता, पिता और बेटी की मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि आसपास के घरों की भी दीवारें हिल गईं. घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई. इस बीच घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. उसके बाद जाकर आग पर काबू पाया जा सका ..सिलेंडर फटने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हुई है.

लोगों ने बताया कि घटना सुबह-सुबह घटी. गांव के लोग अपने-अपने काम में लगे हुए थे. इस बीच जोरदार धमाके की आवाज आई. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, एक घर से आग की लपटें उठती दिखाई थीं. धमाके से आसपास के घर की दीवारें भी हिल गईं. लपटें उठती देख लोग मौके से और दूर भाग गए. कुछ देर बाद लोग मौके पर आए तो देखा कि सिलेंडर ब्लास्ट से पूरा का पूरा घर उड़ गया. घर में तीन लाशें दिखाई दे रही थीं. ये नजारा देख लोगों के होश उड़ गए. मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी. ये सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई.
उधर, पुलिस का कहना है कि घटना की जांच जारी है. न तो सिलेंडर फटने की वजह सामने आई है और न ही मृतकों की शिनाख्त हो सकी है. घटना गंभीर है. घर से तीन लाशें मिली हैं. फोरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है. पुलिस आसपास के लोगों के बयान ले रही है. मृतकों की शिनाख्त के बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा. पुलिस के मुताबिक, लोगों का कहना है कि ब्लास्ट अचानक हुआ. इससे पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई.

