दुर्गा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, पताके से टकराकर टूटी बिजली की तार, सात लोग झुलसे

वीसीएन टाइम्स
2 Min Read
बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शनिवार को देवी दुर्गा की मूर्ति के विसर्जन जुलूस के दौरान बिजली के तार की चपेट में आकर करंट लगने से तीन महिलाओं समेत सात लोग झुलस गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शनिवार शाम संजारी पुलिस चौकी क्षेत्र के कंवर गांव में हुई, जब देवी दुर्गा की मूर्ति के विसर्जन के लिए जुलूस निकाला जा रहा था।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जुलूस के दौरान एक व्यक्ति धार्मिक ध्वज फहराते हुए डंडे को पकड़कर नाच रहा था तभी डंडा बिजली के तार के संपर्क में आ गया, जिसके बाद तार टूटकर लोगों पर गिर गया। अधिकारियों ने बताया कि ध्वज का डंडा पकड़ने वाले व्यक्ति की पहचान परमेश्वर पटेल के रूप में हुई है। इस घटना में तीन महिलाओं और एक किशोर समेत सात लोग झुलस गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। बाद में पुलिस की मदद से घायलों को धमतरी जिले के जिला अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि घायलों का इलाज किया जा रहा है। पटेल की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, शाम को पूरे हर्षोल्लास के साथ देवी दुर्गा की मूर्ति के विसर्जन के लिए जुलूस निकाला जा रहा था। उसी दौरान यह हादसा हो गया। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। घायलों के इलाज के लिए उचित व्यवस्था की गई वहीं मामले की जानकारी पुसिस अधिकारियों को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इसके साथ ही लोगों से पूछताछ कर मामला दर्ज कर लिया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *