रायपुर-राजधानी रायपुर के खम्हारडीह पुलिस थाना अंतर्गत कचना हाउसिंग बोर्ड स्थित राजीव लोचन सोसाइटी में रहने वाले एक युवक ने घर के अंदर आत्महत्या करने की कोशिश की है। युवक ने गैस सिलेंडर के पाइप में आग लगा दी। फिर उससे पूरे घर को आग लग गई। घटना के दौरान युवक के साथ उसका 5 साल का बेटा भी घर पर मौजूद था। हालांकि, बाप बेटे दोनों को कोई चोटें नहीं आई है। पुलिस ने मौके में पहुंचकर दोनों को बचा लिया है।
जानकारी के मुताबिक, युवक का नाम फनीश मिश्रा (36) है। फनीश सोसाइटी के चौथे फ्लोर पर अपने 5 साल के बेटे के साथ रहता है। उसकी पत्नी घरेलू विवाद की वजह से अलग रहती है। रविवार शाम अचानक इसके फ्लैट से आग की तेज लपटें उठने लगी। आसपास के लोगों ने जब नजर पड़ी तो उन्होंने फौरन पुलिस को इसकी सूचना दी।
आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने फनीश और उसके बेटे को रेस्क्यू कर बाहर निकाला। पूछताछ में फनीश ने बताया कि उसने गैस सिलेंडर का पाइप निकालकर उसमें आग लगा दी थी। इस घटना को पुलिस सुसाइड के प्रयास से जोड़कर देख रही है।खम्हारडीह थाना प्रभारी नरेंद्र मिश्रा ने बताया कि दोनों पिता पुत्र को सकुशल बचा लिया है। आग लगने से घर के सामान जलकर राख हो गए हैं। इस मामले में आसपास के लोग और परिजनों का कहना है कि व्यक्ति मानसिक तनाव से गुजर रहा है।

