बलौदाबाजार जिले से लगे ग्राम सकरी में शुक्रवार रात सड़क हादसा हुआ है। वैवाहिक कार्यक्रम से वापस लौट रही बस तकनीकी खराबी के चलते अचानक पलट गई। बस में साहू परिवार के करीब 50 लोग सवार थे। इस हादसे में करीब दस से ज्यादा लोग घायल हुए। वहीं दो को रायपुर रेफर किया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस घटना स्थल पहुंचकर जांच में जुट गई है।
हादसे के प्रत्यक्षदर्शी परिवार के सदस्य ने बताया कि वे लोग रायपुर चंगोराभाठा से ग्राम भद्रापाली बलौदाबाजार चौथिया कार्यक्रम में आये थे और वापस जा रहे थे। इसी बीच ग्राम सकरी में बस पलट गई। जानकारी के अनुसार ये हादसा, शुक्रवार रात 12 से 1 बजे की बीच हुई है। बताया जा रहा है कि ब्रेकर में बस का पट्टा टूटने से हादसा हुआ है।
गाड़ी का कांच तोड़कर बाहर निकाला गया
बस के अचानक पलटते ही बस में सवार लोगों चीख-पुकार मच गई। घटना होते ही बस में सवार लोगों सहित ग्रामीणों की मदद से सभी को गाड़ी का कांच तोड़कर बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां मामूली चोट के चलते बाकी को छुट्टी दी गई। दो को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं दो घायलों को रायपुर रेफर किया गया है।
रायपुर-बलौदाबाजार मार्ग में सड़क हादसा कोई नई बात नहीं है। यहां पर हादसा होना अब सामान्य बात हो गई। लगातार हादसे को लेकर मीडिया प्रभावी तरीके से खबर चलाकर सरकार का ध्यान आकर्षित कर रहा है मगर विभाग हादसे को नजरअंदाज कर रहा है।

