रायपुर पुलिस ने एक एंबुलेंस को गांजा तस्करी करते पकड़ा है। एंबुलेंस से 36 लाख से भी अदिक कीमत का 364 किलो गांजा बरामद हुआ। गांजे को 72 बैग में भरकर रखा गया था। पुलिस ने इस मामले में एंबुलेंस के ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई एंबुलेंस रायपुर के नंबर पर रजिस्टर्ड है, पुलिस के द्वारा छानबीन की जा रही है कि इस एंबुलेंस का मालिक कौन है,
बताया जाता है कि ओडिशा से 4 तस्कर एक एंबुलेंस में गांजा भरकर रायपुर आए थे।आजाद चौक इलाके के सीएसपी मयंक गुर्जर ने बताया कि हमें अधिकारियों से ऐसे मामलों के खिलाफ जांच के निर्देश मिले थे। एम्बुलेंस डूमर तालाब चाणक्य स्कूल टर्निंग पॉइंट के पार्क की गई थी। यहां मुखबीर से एंबुलेंस में कुछ संदिग्ध होने की जानकारी मिली। पुलिस की टीम ने इन्हं घेरा। एम्बुलेंस में मौजूद 3 युवक भाग निकले, ड्राइवर पकड़ा गया।
गाड़ी के अंदर ब्राउन कलर के रैपर से लिपटे हुए 72 पैकेट मिले, जिनमें 364 किलो गांजा था । गिरफ्तार हुए ड्राइवर का नाम सूरज खूंटे है। 22 साल का सूरज डोंगियाभाटा भटगांव जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़ का रहने वाला है। इसने बताया कि मेरे साथ गांव का ही गोलू चंद्रा और उसके दो साथी थे जिन्हें मैं नहीं जानता। पुलिस सूरज से पूछताछ कर रही है । जांच में यह बात सामने आई है कि गांजा इन्होंने ओडिशा के हाईवे से हासिल किया और इसे छत्तीसगढ़ में डिलिवर करना था।
36 लाख का है गांजा
पुलिस के द्वारा जप्त किए गाए गांजे की बाजार में कीमत 36 लाख रुपए है। पुलिस ने एम्बुलेंस को भी जप्त कर लिया है। एंबुलेंस रायपुर के नंबर पर रजिस्टर्ड है, एंबुलेंस का मालिक कौन है पुलिस इसका पता कर रही है। पुलिस गांजा देने और फाइनल डिलिवरी लेने वालों की जानकारी जुटा रही है।

