नाले में मिली लाश को युवक का शव समझकर परिजनों ने किया था अंतिम संस्कार, अब जिंदा युवक दे रहा अपनी मौजूदगी का प्रमाण
बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले से एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने परिवार से लेकर पुलिस प्रशासन तक को सकते में डाल दिया है। जिस युवक को परिजन मृत समझकर उसका अंतिम संस्कार कर चुके थे, वही युवक करीब 15 दिन बाद जिंदा अपने गांव वापस लौट आया। युवक के अचानक सामने आने के बाद अब उस शव की पहचान को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है, जिसका अंतिम संस्कार परिजनों ने किया था।
जानकारी के मुताबिक गिधौरी थाना क्षेत्र में एक युवक के गुमशुदा होने का मामला दर्ज हुआ था। इसी दौरान बारिश के चलते नाले में उफान आया और पानी के बहाव के साथ एक अज्ञात युवक की लाश बहकर आई। शव की स्थिति ऐसी थी कि उसकी पहचान करना मुश्किल था। पुलिस और परिजनों ने शव की शिनाख्त गुमशुदा युवक के रूप में की और इसके बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
इसके बाद परिवार ने मृतक की मानकर आगे की रस्में भी पूरी कर दीं। यहां तक कि युवक का दशगात्र कार्यक्रम भी हो गया और मृत्यु प्रमाण पत्र तक जारी हो गया। परिवार ने मान लिया था कि उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा।
लेकिन करीब 15 दिन बाद कहानी ने ऐसा मोड़ लिया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। जिस युवक को मृत समझकर परिवार अंतिम विदाई दे चुका था, वह अचानक जिंदा अपने गांव लौट आया। युवक को सामने देखकर परिवार के लोग भी हैरान रह गए। अब युवक खुद जिंदा होने का प्रमाण दे रहा है।
युवक के वापस लौटने के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर नाले से बरामद वह शव किसका था, जिसकी पहचान युवक के रूप में की गई थी? पुलिस अब पूरे मामले की दोबारा जांच कर सकती है और शव की पहचान से जुड़े सभी पहलुओं को खंगालना जरूरी हो गया है।
इस घटना ने न केवल परिवार को हैरान कर दिया है, बल्कि शव की पहचान, गुमशुदगी के मामले और जारी हुए मृत्यु प्रमाण पत्र को लेकर भी कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि आखिर वह लाश किसकी थी और उसकी पहचान में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई।

