Homeछत्तीसगढ़रायपुर में 10 लाख का झांसा देकर DSP से 5 लाख की...

रायपुर में 10 लाख का झांसा देकर DSP से 5 लाख की ठगी, वकील समेत 3 पर FIR

रायपुर0राजधानी में रुपये दोगुना करने का झांसा देकर पुलिस मुख्यालय में पदस्थ एक डीएसपी से 5 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।डीएसपी की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने वकील नरेश दामोहे समेत तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

सिविल लाइन पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता पुनदास अंचल वर्तमान में पुलिस मुख्यालय रायपुर में उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के पद पर पदस्थ हैं।उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी पहचान पिछले करीब दो वर्षों से नरेश दामोहे से थी। दामोहे खुद को वकील होने के साथ-साथ फाइनेंस का कारोबार करने वाला बताता था। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने रुपये दोगुना करने का लालच दिया।

शिकायत के अनुसार 25 जून को नरेश दामोहे ने फोन कर कमल विहार स्थित एक अस्पताल के सामने बुलाया और कहा कि वह 5 लाख रुपये दोगुना कर बैंक खाते में जमा करा देगा। डीएसपी तय स्थान पर नकदी लेकर पहुंचे, लेकिन आरोपी ने अपने लोगों के नहीं आने की बात कहकर उन्हें अभनपुर रोड स्थित दूसरे स्थान पर बुला लिया। वहां भी काम नहीं होने की बात कहकर रात में मिलने का भरोसा दिया।

रात करीब 9 बजे आरोपी ने उन्हें नेताजी चौक, कटोरा तालाब बुलाया। वहां नरेश दामोहे अपने दो साथियों के साथ मिला और तीनों डीएसपी की कार में बैठकर इलेवन ग्राउंड पहुंचे।

इसी दौरान आरोपी के बुलाने पर तीन अन्य लोग भी वहां आ गए और आपस में विवाद करने लगे। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने कार में बैठे आरोपियों से कहा था कि सूटकेस में 5 लाख रुपये रखे हैं और वे बाहर जाकर विवाद देख रहे हैं।

विवाद बढ़ने पर उन्हें आशंका हुई कि कहीं उनके साथ भी मारपीट न हो जाए, इसलिए वे वहां से हट गए। कुछ देर बाद जब डीएसपी वापस कार के पास पहुंचे तो वाहन वहीं खड़ा मिला।

कार में मोबाइल, दस्तावेज और अन्य सामान सुरक्षित था, लेकिन सूटकेस खोलने पर उसमें रखे 5 लाख रुपये गायब थे। आरोप है कि नरेश दामोहे और उसके साथियों ने मौका पाकर सूटकेस से नकदी निकाल ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

सिविल लाइन थाना प्रभारी यमन देवांगन ने डीएसपी पुनदास अंचल की शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने की पुष्टि की है। निरीक्षक के अनुसार मामलें में जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments