रायपुर-छत्तीसगढ़ कीराजधानी रायपुर में कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के बाद से पुलिस जहां अपराधियों पर कार्रवाई करने का दावा कर रही है, वहीं राजधानी के कई ऐसे इलाके हैं, जहां अपराधियों में पुलिस का कोई डर नजर नही आ रहा है। राजधानी के कई इलाकों में आए दिन चाकूबाजी, लूट, हत्या जैसे गंभीर वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। पुलिस की सघन चेकिंग और सख्ती के बीच अपराधी बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस को सीधा चैलेंज करते हुए नजर आ रहे हैं पहले राजधानी और आस-पास के इलाकों से चाकूबाजी की खबर सामने आती थी, लेकिन अब राजधानी रायपुर में सीजर ब्लेड से हमले की खबर निकलकर सामने आई है।
दरअसल, यह पूरा मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का है, यहां रौनक यादव नाम के बदमाश ने खुद को शहर का डॉन बताते हुए नाबालिग पर सीजर ब्लेड से हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ित नाबालिग के दाएं हाथ में गंभीर चोट आई है। जैसे ही इस वारदात की खबर मिली घायल नाबालिग को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में घायल नाबालिग की हालत स्थिर बताया जा रही है।
वहीं इस वारदात की खबर मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी रौनक यादव को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। इतना ही नहीं बताया जा रहा है कि, आरोपी के खिलाफ पहले भी कई बार अड्डेबाजी करने की शिकायतें हो चुकी है। फ़िलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

