छत्तीसगढ़

वरिष्ठ पत्रकार मोहन साहू का निधन,सीएम ने शोक व्यक्त किया

भिलाई नगर। शहर के वरिष्ठ पत्रकार मोहन साहू (56 वर्ष) का आज सुबह उनकी अचानक तबीयत बिगड़ी और आक्सीजन लेबल 70 तक जा पहुंचा। लगातार खांसी आने की वजह से उन्हें तत्काल पल्स हास्पिटल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उनका आज सुबह लगभग सवा 10 बजे निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को गृह ग्राम तवेरा गुंडरदेही बालोद जिला में किया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने वरिष्ठ पत्रकार श्री मोहन साहू के आकस्मिक निधन पर गहरा दु:ख प्रकट किया।
पत्रकार कालोनी सुपेला निवासी पिछले तीन दशक से मोहन साहू सक्रिय पत्रकारिता में रहे। श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष सहित अनेक संगठनों का नेतृत्व किया। मृदुभाषी, मिलनसार मोहन साहू के निधन से पत्रकार बिरादरी में शोक की लहर है। न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर ने उनके आकस्मिक निधन को अपूरणीय क्षति बताया है। 57 वर्षीय मोहन साहू शनिवार को दिन भर भेंट मुलाकात कार्यक्रम की रिपोर्टिंग में थे। वर्तमान में मोहन साहू सीजी इंडियन एक्सप्रेस न्यूज पोर्टल के संपादक और टू सोल्जर अखबार में भिलाई प्रतिनिधि के रूप में सेवाएं दे रहे थे।
परिजनों ने बताया कि रात को सभी खबरें अपडेट करने के बाद भोजन कर वो सो गए। सुबह अचानक उन्हें लगातार खांसी आई और तबियत बिगडऩे पर पुत्र कृष्णकांत के साथ वो पल्स हास्पिटल गए। चिकित्सकों के अनुसार श्री साहू को ह्रदयाघात हुआ और उनकी सांसें थम गईं। वो पत्नी, दो पुत्र कृष्णकांत और युद्धवीर तथा एक पुत्री समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी अंतिम यात्रा निवास प्रियदर्शनी परिसर पत्रकार कॉलोनी से सोमवार सुबह 10 प्रारंभ होगी। उनका अंतिम संस्कार गृह ग्राम गुंडरदेही के 6 किमी दूर स्थित तवेरा ग्राम में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने भिलाई नगर के वरिष्ठ पत्रकार श्री मोहन साहू के आकस्मिक निधन पर गहरा दु:ख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने श्री साहू के शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।उन्होंने श्री मोहन साहू के शोक संतप्त परिवारजनों को दु:ख की इस घड़ी को सहने की शक्ति प्रदान करने और मृत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button