रायपुर-महासमुंद जिले में आकाशीय बिजली गिरने की 2 घटनाएं सामने आई हैं। तुमगांव थाना क्षेत्र में खेत की रखवाली के दौरान मचान पर सो रहे पिता-पुत्र पर बिजली गिर गई, जिसमें बेटे की मौत हो गई और पिता गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं कोमाखान क्षेत्र में बिजली गिरने से एक मकान में आग लग गई, जिससे लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया।

इधर, छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। रायपुर में शुक्रवार सुबह गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई, जबकि धमतरी में धूलभरी आंधी चली। कई जगह पेड़ सड़क पर गिर गए और कुछ इलाकों में बिजली गुल रही।
वहीं दुर्ग जिले के अंडा गांव से एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में तेज आंधी और खराब मौसम का असर साफ देखा जा सकता है। तेज हवा के कारण लोग बचने के लिए पेट्रोल पंप की छत के नीचे खड़े नजर आ रहे हैं। वहीं, आंधी इतनी तेज थी कि एक स्कूटी भी हवा के झोंकों से गिर गई।
इसी दौरान एक युवक मोबाइल से मौसम का वीडियो बना रहा था। तभी अचानक आसमान में तेज बिजली चमकी और बिजली गिरने का दृश्य कैमरे में कैद हो गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं 17 मई से मध्य छत्तीसगढ़ में हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेन्ड्रा रोड में 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
पहली घटना तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पिरदा छापाडबरी खार की है। यहां धर्मसिंह गोंड (40) अपने पिता पुनीतराम गोंड (करीब 70) के साथ मूंगफली खेत की रखवाली के लिए परसा पेड़ पर बने मचान में सो रहे थे। गुरुवार देर रात तेज गरज-चमक के दौरान मचान पर बिजली गिर गई।हादसे में धर्मसिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव में भर्ती कराया गया, जहां इलाज जारी है।

