Friday, February 27, 2026
Homeछत्तीसगढ़बाबर-रिजवान की फौज को न्यूजीलैंड ने किया ढेर, चैम्पियंस ट्रॉफी के ओपनिंग...

बाबर-रिजवान की फौज को न्यूजीलैंड ने किया ढेर, चैम्पियंस ट्रॉफी के ओपनिंग मैच में हारा पाकिस्तान

चैम्प‍ियंस ट्रॉफी 2025 का आगाज हो गया है. ओपन‍िंग मुकाबला बुधवार को पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच कराची के नेशनल स्टेडियम में खेला गया. मैच में न्यूजीलैंड टीम ने दमदार खेल दिखाया और पाकिस्तान को बुरी तरह शिकस्त दी.
मोहम्मद रिजवान की कप्तानी वाली पाकिस्तान टीम के लिए आईसीसी चैम्प‍ियंस ट्रॉफी 2025 का आगाज बिल्कुल भी अच्छा नहीं रहा. चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत पाकिस्तान की हार के साथ शुरू हुई.ग्रुप ए के मैच में पहले खेलते हुए न्यूजीलैंड की टीम ने 5 विकेट पर 320 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम शुरुआत से ही स्ट्रगल कर रही थी। उसकी पारी 48वें ओवर में 260 रनों पर सिमट गई।

यंग और लाथम ने ठोका शतक

सलामी बल्लेबाज विल यंग और विकेटकीपर टॉम लाथम ने न्यूजीलैंड के लिए शतकीय पारी खेली। यंग ने 113 गेंद में 107 रन बनाये जबकि लाथम 118 रन पर नाबाद रहे। ग्लेन फिलिप्स ने नेशनल स्टेडियम पर खेले जा रहे मैच में 39 गेंद में 61 रन बनाये। यंग ने अपनी पारी में 12 चौके और एक छक्का लगाया जबकि लाथम ने 10 चौके और तीन छक्के जड़े। इससे पहले पाकिस्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और न्यूजीलैंड ने 17वें ओवर में 73 रन पर तीन विकेट गंवा दिये।

शुरुआत में गेंदबाजों का था दबदबा

युवा तेज गेंदबाज नसीम शाह ने केन विलियमसन का कीमती विकेट लिया जो पिछली 35 वनडे पारियों में पहली बार दोहरे अंक तक नहीं पहुंच सके। उन्होंने विकेट के पीछे मोहम्मद रिजवान को कैच थमाया। चोट के बाद वापसी कर रहे हारिस रऊफ ने डेरिल मिचेल को पवेलियन भेजा जो खराब पूल शॉट खेलकर शाहीन शाह अफरीदी को कैच दे बैठे। सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉन्वे सबसे पहले आउट हुए। अबरार अहमद ने आठवें ओवर में कैरम बॉल पर उन्हें रवाना किया।

यंग ने वनडे क्रिकेट में अपना चौथा शतक पूरा किया। उनके आउट होने के बाद लाथम और फिलिप्स ने आखिरी दस ओवरों में पाकिस्तानी गेंदबाजी की बखिया उधेड़ दी। लाथम ने आठवां वनडे शतक पूरा किया। फिलिप्स ने अबरार और हारिस के 44वें और 45वें ओवर में 32 रन निकाले। वहीं शाहीन शाह अफरीदी ने 47वें ओवर में 18 रन दिये। हारिस सबसे महंगे साबित हुए जिन्होंने दस ओवर में 83 रन देकर दो विकेट लिये।

पाकिस्तान की बैटिंग फेल रही

पाकिस्तान की शुरुआत काफी धीमी रही। फखर जमान फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए थे। इसी वजह से ओपनिंग करने नहीं उतरे। उनकी जगह आए साउद शकील बुरी तरह फेल रहे। 19 गेंदों पर उनके बल्ले से 6 रन निकले। कप्तान रिजवान (6) भी फेल रहे। बैटिंग पावरप्ले के बाद पाकिस्तान ने सिर्फ 22 रन बनाए थे। यहां से टीम पर दबाव बढने लगा। चौथे नंबर पर उतरे फखर जमान ने तेजी से रन बनाने की कोशिश की लेकिन वह चोट से स्ट्रगल कर रहे थे।

आगा सलमान ने तेजी से रन बनाए लेकिन बाबर आजम जूझ रहे थे। सलमान ने सिर्फ 28 गेंद पर 42 रन बनाए। बाबर आजम ने इस बीच फिफ्टी पूरी की। वह 64 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 90 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौके और एक छक्का लगाया। 34 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 6 विकेट पर 153 रन था। यहां से खुशदिल शाह ने 49 गेंदों पर 69 रनों की पारी खेली। हालांकि यह सिर्फ हार का अंतर ही कम कर पाया। न्यूजीलैंड के लिए विलियम ओरूकी और मिचेल सेंटनर ने 3-3 विकेट लिए। मैट हेनरी को दो सफलता मिली

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments