अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस पर मजदूरों को नशे से दूर रहने का संदेश
गांव-गांव पहुंची विधिक जागरूकता, नशे के दुष्परिणामों से कराया अवगत
कार्यस्थल पर लगा विधिक साक्षरता शिविर, नशा छोड़ स्वस्थ जीवन अपनाने की अपील
तिल्दा-नेवरा। अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर ग्राम टोहड़ा में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित कर मजदूरों को नशे के दुष्परिणामों और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। शिविर में नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सम्मानजनक जीवन जीने का संदेश दिया गया।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशन में, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर के मार्गदर्शन तथा तालुका विधिक सेवा समिति तिल्दा के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में पैरालीगल वॉलंटियर रिखी राम वर्मा ने मजदूरों के कार्यस्थल पर पहुंचकर विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी।
शिविर में नालसा डॉन योजना-2025, नालसा जागृति योजना-2025, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए कानूनी सेवाएं योजना-2025, माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम-2007, निःशुल्क विधिक सहायता, नालसा टोल-फ्री नंबर 15100, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा महिला हेल्पलाइन 1091 की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित श्रमिकों से नशे से दूर रहने, कानून का पालन करने और किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में निःशुल्क विधिक सहायता का लाभ उठाने की अपील की गई। शिविर का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक कानूनी जागरूकता पहुंचाना और नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाना रहा।

