बिलासपुर के कोटा थाना क्षेत्र के चचेई डेम में पिकनिक मनाने गए लोगों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि डैम में नहाने के दौरान एक बच्चा पानी में डूबने लगा। बच्चे को बचाने के लिए एक युवक तुरंत पानी में उतरा, लेकिन गहरे पानी में जाने से वह खुद भी डूब गया और उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, जरहाभाठा क्षेत्र से करीब 10-15 युवक रविवार को पिकनिक मनाने रतनपुर क्षेत्र के लछनपुर स्थित चचेई डेम गए थे। कुछ लड़के डैम में नहा रहे थे, तभी एक लड़का अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। इस दौरान बच्चे को डूबते देखकर जरहाभाठा जतिया तालाब के पास रहने वाला धीरज रात्रे (20 साल डैम में कूद गया। उसने किसी तरह पीठ पर लाद कर बच्चे को बाहर निकाला, जिसके बाद खुद गहरे पानी में समा गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीममौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक के शव को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
एएसपी मधुलिका सिंह ने बताया कोटा थाना क्षेत्र के चचेई डेम में पिकनिक मनाने गए लोगों के साथ हादसा हुआ है। एक बच्चा पानी में डूबने लगा था, जिसे बचाने के प्रयास में एक युवक गहरे पानी में चला गया और उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।

