भिलाई: दुर्ग जिले में इन दिनों अपराधियों के मन से पुलिस का डर खत्म हो गया है। एक ओर पुलिस जनमित्र बनकर पब्लिक से दोस्ती बढ़ा रही है, वहीं दूसरी ओर आधी रात अपराधी खूनी तांडव मचा रहे हैं। सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात दुर्ग के कोतवाली क्षेत्र के राजीव नगर इलाके में बीती रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब केजू राइस मिल के पास अज्ञात हमलावरों ने खूनी खेल खेलते हुए 22 वर्षीय जितेश ठाकुर की बेरहमी से लाठी, डंडे, चाकू मारकर हत्या कर दी। रात करीब 2 बजे हुए इस जानलेवा हमले में जितेश के सगे भाई नेहरू ठाकुर और साथी राहुल पर भी जानलेवा हमला किया गया। वारदात इतनी खौफनाक थी कि घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाए लोग घायलों को ठेले पर लादकर अस्पताल ले गए। इधर दोनों घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। इधर इस वारदात के बाद पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश और गर्लफ्रेंड से विवाद की बात सामने आ रही है।
प्रत्यक्षदर्शी के अनुासर विवाद की शुरुआत दो दिन पहले हुई थी जब ओम साहू नाम के एक युवक की पिटाई की गई थी। वही कल रात जब आरोपी पक्ष के 20 से अधिक लोग धमाल बजाकर लौट रहे थेष उसी वक्त मृतक जितेष से आमना सामना हो गया और इसी दौरान मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और हथियारों से लैस हमलावरों ने ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिया। वहीं पुलिस इस पूरे मामले को अलग नजरिए से देख रही है।
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। पुलिस के मुताबिक पक्षों के बीच पुराना विवाद था, जिसने बीती रात हिंसक मोड़ ले लिया। पुलिस ने बताया कि अब तक इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक मुख्य आरोपी अब भी फरार है जिसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।

