राहगीरों को धमका रहा था आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई, आरोपी को भेजा गया जेल
तिल्दा-नेवरा
तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में आम लोगों को चाकू दिखाकर डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 5 मई को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि हनुमान मंदिर के पास, दीनदयाल चौक तिल्दा में एक युवक खुलेआम चाकू लहराकर राहगीरों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से चाकू बरामद किया गया, जिसके बाद उसे विधिसम्मत हिरासत में लेकर धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया। बाद में न्यायालय में पेश कर उसे न्यायिक
रिमांड पर जेल भेज दिया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा भारती (19 वर्ष, पिता घनश्याम भारती, निवासी बैरनबाजार जिला रायपुर के रूप में हुई है।पुलिस ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत निगरानी बदमाशों, गुंडा तत्वों और अड्डेबाजों की सघन चेकिंग की जा रही है। इसी अभियान के तहत अपराधियों की धरपकड़ तेज कर दी गई है।

