आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी, नेत्र, दंत और कैंसर जांच सहित एक ही छत के नीचे मिली स्वास्थ्य सेवाएं, 156 लोगों को निःशुल्क चश्मे वितरित
रायपुर-छत्तीसगढ़ शासन के आयुष विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत गुरुवार को रायपुर के डॉ. खूबचंद बघेल वार्ड स्थित सांस्कृतिक भवन में जिला स्तरीय आयुष स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में एक ही स्थान पर आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी चिकित्सा, नेत्र, दंत, कैंसर जांच, रक्त परीक्षण और निशुल्क दवा वितरण जैसी विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, जिसका लाभ बड़ी संख्या में नागरिकों ने उठाया।
कार्यक्रम का आयोजन जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. स्वाती रावत के मार्गदर्शन एवं शिविर प्रभारी डॉ. भूपेंद्र जांगड़े के निर्देशन में किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, पार्षद श्रीमती दुर्गा यादराम साहू, पूर्व पार्षद यादराम साहू तथा वार्ड के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में भगवान धन्वंतरि के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
शिविर प्रभारी डॉ. भूपेंद्र जांगड़े ने बताया कि शिविर में कुल 1190 मरीजों को निशुल्क जांच, परामर्श एवं औषधियां प्रदान की गईं। इनमें 752 मरीजों का आयुर्वेद, 63 का होम्योपैथी तथा 52 मरीजों का यूनानी चिकित्सा पद्धति से उपचार किया गया।
शिविर में 207 लोगों का रक्तचाप (बीपी) और 105 लोगों की शुगर जांच की गई। वहीं एमजीएम नेत्र संस्थान द्वारा 184 लोगों की आंखों की जांच कर 156 जरूरतमंदों को निशुल्क चश्मे वितरित किए गए तथा 8 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए पंजीकृत किया गया। सीताराम दंत चिकित्सालय की टीम ने 65 लोगों के दांतों की जांच की, जबकि बालकों कैंसर हॉस्पिटल की टीम ने 74 लोगों की कैंसर स्क्रीनिंग की। इसके अलावा 450 लोगों को आयुष काढ़ा भी वितरित किया गया।
शिविर में औषधीय पौधों की प्रदर्शनी लगाकर उनके औषधीय महत्व एवं घरेलू उपचार में उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी ब्रोशर एवं जागरूकता सामग्री का भी वितरण किया गया।
कार्यक्रम में जिला आयुष अधिकारी डॉ. स्वाती रावत, शिविर सह प्रभारी डॉ. शगुफ्ता कुरैशी, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रशांत रावत सहित जिले के आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी एवं योग चिकित्सकों, फार्मासिस्ट, औषधालय सेवकों तथा महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए शिविर को सफल बनाया।
शिविर में 1190 मरीजों को निशुल्क उपचार एवं दवाएं,156 लोगों को मुफ्त चश्मे वितरित,8 मोतियाबिंद मरीजों का पंजीयन.74 लोगों की कैंसर स्क्रीनिंग.207 बीपी एवं 105 शुगर जांच.450 लोगों को आयुष काढ़ा वितरणकिया गया

