Homeछत्तीसगढ़'स्पेशलिस्ट' अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग का छापा, शिकायतों के बाद जांच तेज......

‘स्पेशलिस्ट’ अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग का छापा, शिकायतों के बाद जांच तेज… अब सरकारी जमीन के एंगल से भी होगी पड़ताल

रायपुर सीएमओ के निर्देश पर बीएमओ के नेतृत्व में जांच टीम पहुंची, रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गई

तिल्दा-नेवरा। शहर में बिना मानकों के अस्पताल संचालन और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच बुधवारी रोड, वार्ड क्रमांक-3 स्थित प्रेम शंकर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापामार जांच की। यह कार्रवाई रायपुर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के निर्देश पर बीएमओ डॉ. आशीष सिंह के नेतृत्व में की गई।

जानकारी के अनुसार अस्पताल के संचालन में अनियमितताओं की लगातार शिकायतें स्वास्थ्य विभाग को मिल रही थीं। इसी आधार पर जांच टीम ने अस्पताल पहुंचकर दस्तावेजों, व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य संबंधी मानकों की जांच की। सूत्रों का दावा है कि छापेमारी की सूचना पहले ही अस्पताल प्रबंधन तक पहुंच गई थी, जिसके चलते जांच से पहले अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का प्रयास किया गया।

शिकायतों में यह भी आरोप लगाया गया है कि अस्पताल में चिकित्सक तो योग्य और डिग्रीधारी हैं, लेकिन मरीजों की देखभाल और अन्य चिकित्सकीय कार्यों में लगे स्टाफ की योग्यता एवं प्रशिक्षण को लेकर गंभीर सवाल हैं। आरोप है कि अस्पताल में आवश्यक मानकों का पूरी तरह पालन नहीं किया जा रहा है।
मामले का एक और महत्वपूर्ण पहलू अस्पताल की भूमि से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार अस्पताल जिस भवन में संचालित हो रहा है, वह किराए का मकान है और संबंधित भूमि नजूल की बताई जा रही है। यदि जांच में सरकारी भूमि पर अनियमित कब्जे या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो राजस्व विभाग, एसडीएम और नगर पालिका स्तर पर भी कार्रवाई की जा सकती है।

बताया जा रहा है कि इससे पहले भी अस्पताल के खिलाफ शिकायतें मिलने पर जांच की जा चुकी है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने एक बार फिर विस्तृत जांच की है।

बीएमओ डॉ. आशीष सिंह ने बताया कि, “प्रेम शंकर स्पेशलिस्ट अस्पताल के संबंध में लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इसी क्रम में जांच टीम द्वारा निरीक्षण किया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आए हैं, उनकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। आगे की कार्रवाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर की जाएगी।”
अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है। यदि शिकायतें सही पाई जाती हैं, तो अस्पताल संचालन, स्टाफ की पात्रता और भूमि संबंधी मामलों में भी बड़ी कार्रवाई संभव है।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments