Homeछत्तीसगढ़सिजेरियन के बाद महिला के पेट में छोड़ा सर्जिकल धागा, नर्सिंग होम...

सिजेरियन के बाद महिला के पेट में छोड़ा सर्जिकल धागा, नर्सिंग होम को नोटिस

अपोलो अस्पताल में दोबारा ऑपरेशन कर निकाला गया धागा, CMHO ने मांगा जवाब

बिलासपुर। बिलासपुर में कथित चिकित्सकीय लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। सिजेरियन डिलीवरी के बाद एक महिला के पेट में सर्जिकल धागा छोड़े जाने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. शुभा गरेवाल ने पेंडलवार नर्सिंग होम प्रबंधन को नोटिस जारी कर गुरुवार तक जवाब तलब किया है।

जानकारी के अनुसार, महिला रेखा सूर्यवंशी की पेंडलवार नर्सिंग होम में सिजेरियन डिलीवरी हुई थी। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्हें लगातार पेट में तेज दर्द, उल्टी और अन्य शारीरिक परेशानियां होने लगीं। हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उन्हें अपोलो अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के दौरान महिला के पेट के भीतर सर्जिकल धागा होने का खुलासा हुआ।

इसके बाद अपोलो अस्पताल में दोबारा ऑपरेशन कर सर्जिकल धागा बाहर निकाला गया। फिलहाल महिला का उपचार जारी है।

घटना से नाराज पीड़ित परिवार ने सीएमएचओ कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी और संबंधित डॉक्टर व अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। शिकायत में नर्सिंग होम का लाइसेंस निलंबित या निरस्त करने तथा पीड़ित महिला को उचित मुआवजा दिलाने की भी मांग की गई है।

सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पेंडलवार नर्सिंग होम को नोटिस जारी कर निर्धारित समय में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जवाब मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments